शहरों में रहने वाले लोगों में इमामी,एमसीपीएल इंडिया, एलडर हैल्थकेयर, वीएलसीसी और मैरिको इंडिया जैसी फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुडस् (एफएमसीजी) कंपनियों के उत्पाद इस्तेमाल करने का चलन बढ़ता जा रहा है।
लिहाजा ये कंपनियां अब नौजवानों को नजर में रखते हुए बड़े पैमाने पर उत्पाद लॉन्च कर रही हैं। इमामी ने 2005 में फेयर एण्ड हैंडसम फेयरनेस क्रीम लॉच करके तहलका मचा दिया था। इसी बात से उत्साहित होकर इमामी पुरुष प्रसाधन पर केंद्रित एक संपूर्ण रेंज बाजार में उतारने की योजना बना रही है।
इमामी समूह के निदेशक मोहन गोयनका का कहना है कि हमारी अनुसंधान और विकास की टीम पुरुषों के प्रसाधन के लिए एक नये मेन्स रेंज प्रोडक्ट पर काम कर रही है। फेयर ऐंड हैंडसम क्रीम का इमामी की कुल आमदनी में 11 से 12 फीसदी का हिस्सा है। अगर पिछले वित्तीय वर्ष की बात की जाए, तो फेयर ऐंड हैंडसम क्रीम का हिस्सा 35 से 40 फीसदी था।
उन्होंने कहा कि अनुमान है कि आने वाले साल में भी इस विकास दर को बनाए रखेंगे। इमामी की योजना पुरुषों के प्रसाधन की वस्तुएं जैसे क्रीम,ऑफ्टर शेव लोशन, साबुन, डियोड्रेंट और शैम्पू लाने की है । मौजूदा समय में इमामी के पास फेयरनेस क्रीम, मिस्टर ब्लैक केश काला हेयर डाई पुरुषों के लिए है।
एक अध्ययन के मुताबिक इमामी ने जब 2005 में फेयर ऐंड हैंडसम स्किन क्रीम बाजार में उतारी थी, तो उस समय स्किन क्रीम इस्तेमाल करने वाले पुरुषों की तादाद 30 फीसदी थी । फेयर ऐंड हैंडसम क्रीम को लॉन्च करने के बाद इसके बिक्री एक साल में 50 करोड़ रुपये से अधिक हो गई ।
ओल्ड स्पाइस आफ्टर शेव लोशन बनाने वाली एमपीसीएल इंडिया पुरुष प्रसाधन उत्पाद बनाने वाली कंपनी है । कंपनी का इरादा अपने मौजूदा 50 करोड़ रुपये कारोबार में 30 फीसदी इजाफे का है। एमसीपीएल इंडिया के प्रबंध निदेशक जी. के. भट्ट का कहना है कि पुरुष प्रसाधन की वस्तुओं की अंतराष्ट्रीय रेंज डीयो और परफ्यूम तक ही सीमित मानी जाती रही है।
भट्ट ने बताया कि वे जल्द ही पुरुषों के लिए शेविंग क्रीम लॉन्च करेगें। विशेषज्ञों का कहना है कि पुरुष कॉस्मेटिक का बाजार तेजी से उभर रहा है।
कंपनियां अब नौजवानों के लिए कर रहीं बड़े पैमाने पर उत्पाद लॉन्च
इमामी पुरुष प्रसाधन पर केंद्रित एक संपूर्ण रेंज उतारेगी