भूषण पावर ऐंड स्टील के प्रवर्तक संजय सिंघल का अपने छोटे भाई से टकराव फिर बढ़ गया है।
संजय ने उड़ीसा स्पंज आयरन में 14.8 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाले अपने भाई और भूषण स्टील के प्रबंध निदेशक नीरज सिंघल को चुनौती देते हुए खुली पेशकश की है। संजय के मुताबिक, उनकी यह खुली पेशकश कंपनी के मौजूदा प्रवर्तकों का हित सुरक्षित रखने के लिए थी, ताकि कोई कंपनी की जबरन बोली न लगा सके।
उन्होंने कहा, ”उड़ीसा स्पंज आयरन के साथ हमारा रणनीतिक गठबंधन है। उड़ीसा में मौजूदा हमारा स्टील प्लांट राज्य का पहला ग्रीनफील्ड प्लांट है।”
जय सिंघल ने कहा, ”खुली पेशकश के बाद कंपनी में हमारी हिस्सेदारी काफी अच्छी हो जाएगी। फिलहाल तो कंपनी में पी. के. मोहंती की सबसे अधिक 41 फीसदी की हिस्सेदारी है।”
उनके छोटे भाई नीरज हालांकि संजय के इस फैसले से पूरी तरह दूरी बनाए हुए हैं। नीरज ने कहा कि भूषण पावर ऐंड स्टील की ओर से की गई इस खुली पेशकश से उनका कोई लेना-देना नहीं है। नीरज के मुताबिक, ”हमारे पास अभी उड़ीसा स्पंज आयरन के 14.8 फीसदी शेयर हैं।”
जब उनसे पूछा गया कि क्या भूषण स्टील उड़ीसा स्पंज आयरन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाएगी और क्या वह इसके लिए कोई खुला प्रस्ताव लाएंगे? नीरज ने बताया, ”वह अगले कुछ दिन में इस बारे में फैसला करेंगे।”
सेबी के प्रावधानों के मुताबिक, कंपनी में 15 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी हो जाने पर खुली पेशकश लायी जा सकती है। अनुमान है कि भुवनेश्वर स्थित उड़ीसा स्पंज के पास लौह अयस्क और कोयले दोनों के करीब 12 करोड़ टन भंडार हैं।
स्टॉक एक्सचेंजों के मुताबिक, उड़ीसा स्पंज के प्रवर्तकों के पास 41 फीसदी, विभिन्न संस्थानों के पास 16.40 फीसदी, कारपोरेट घरानों के पास 26.10 फीसदी, 15.88 फीसदी हिस्सेदारी व्यक्तिगत और शेष सार्वजनिक हिस्सेदारी है।
संजय ने कहा कि मौजूदा प्रवर्तकों के पास इतना धन नहीं है कि वह खुली पेशकश ला सकें। भूषण पावर ऐंड स्टील ने टाइटेनिक स्टील इंडस्ट्रीज और ओलंपियन स्टील इंडस्ट्रीज के साथ मिलकर प्रति शेयर 300 रुपये की पेशकश की थी।
विदित हो कि इन दोनों भाइयों के बीच झगड़े का लंबा इतिहास है। भूषण स्टील से अब संजय का कोई लेना-देना नहीं है। इस कंपनी को अब नीरज अपने पिता के साथ मिलकर चलाते हैं जबकि संजय को इस कंपनी से बाहर कर दिया गया है।
संजय अब भूषण पावर ऐंड स्टील का संचालन करते हैं। भूषण पावर का 300 रुपये प्रति शेयर का खुला प्रस्ताव 3 अप्रैल को खुलेगा और 23 अप्रैल को बंद होगा।
उड़ीसा स्पंज आयरन में हिस्सेदारी को लेकर सिंघल बंधुओं में बढ़ा टकराव
14.8 फीसदी हिस्सेदारी को लेकर संजय ने दी खुली पेशकश की चुनौती
उड़ीसा स्पंज आयरन में पी.के. मोहंती हैं सबसे बड़े हिस्सेदार
नीरज ने कहा, भूषण स्टील की खुली पेशकश से उनका कोई लेना-देना नहीं