स्वतंत्र निदेशक हुए बाहर, अब होगी खातों की जांच

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 8:15 PM IST

सत्यम में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की रेगुलेटरी संस्था चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) अब सजग हो गई है।
यही वजह है कि आईसीएआई अब उन सभी कंपनियों के खातों की जांच करने की तैयारी कर रही है, जिसके स्वतंत्र निदेशक पिछले दो माह में कंपनी छोड़कर जा चुके हैं।
आईसीएआई के अध्यक्ष उत्तम प्रकाश अग्रवाल का कहना है कि यह फैसला संस्था के फाइनैंशियल रिव्यू रिपोर्टिंग बोर्ड की ओर से लिया गया है। हालांकि कंपनियों के खातों की जांच में इस बात का भी ध्यान रखा जाएगा कि स्वतंत्र निदेशक किस वजह से कंपनी छोड़कर गए हैं।
आईसीएआई की ओर से सत्यम घोटाले के खुलासे के बाद यह कदम उठाया गया है। दरअसल, सत्यम की ओर से रामलिंग राजू के बेटों की दो कंपनियों के अधिग्रहण मसले पर हुए विवाद के चलते कंपनी के स्वतंत्र निदेशकों ने इस्तीफा दे दिया था। हाल के दिनों में कई अन्य कंपनियों के निदेशकों ने भी इस्तीफा दिया है।
अग्रवाल का कहना है कि यह संभव है कि स्वतंत्र निदेशक निजी कारणों से कंपनी से इस्तीफा दिया हो, लेकिन  अन्य कारणों से ऐसा किया है, तो इसकी जांच होनी चाहिए।

First Published : March 17, 2009 | 1:55 PM IST