कंपनियां

Gensol Engineering को महाराष्ट्र में 520 करोड़ रुपये की सौर परियोजना मिली

Gensol Engineering ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह ऑर्डर राज्य की एक अग्रणी बिजली उत्पादन इकाई से प्राप्त किया गया है।

Published by
भाषा   
Last Updated- March 22, 2024 | 1:13 PM IST

जेनसोल इंजीनियरिंग (Gensol Engineering) को महाराष्ट्र में सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए 520 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला है। जेनसोल ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह ऑर्डर राज्य की एक अग्रणी बिजली उत्पादन इकाई से प्राप्त किया गया है।

इसमें कहा गया, “इस परियोजना में महाराष्ट्र में 500 एकड़ में 100 मेगावाट एसी/135 मेगावाटपी ग्राउंड-माउंट सौर पीवी बिजली परियोजना का विकास शामिल है, जिसका कुल ऑर्डर मूल्य 520 करोड़ रुपये है।”

जेनसोल ने कहा कि इसके तहत सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग कार्य, जरूरी मंजूरियां हासिल करना, संयंत्र की स्थापना और शुरुआत, और संयंत्र के स्विचयार्ड और ट्रांसमिशन बुनियादी ढांचे के रखरखाव सहित तीन साल का परिचालन प्रबंधन शामिल है।

कंपनी ने कहा कि उसका लक्ष्य 450 दिनों के भीतर ऑर्डर पूरा करने का है। जेनसोल इंजीनियरिंग जेनसोल समूह की कंपनियों का एक हिस्सा है जो सौर ऊर्जा संयंत्रों के विकास के लिए ईपीसी (इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण) सेवाएं प्रदान करती हैं।

समूह ने पुणे में एक इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) विनिर्माण संयंत्र भी स्थापित किया है।

First Published : March 22, 2024 | 1:13 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)