सत्यम कंप्यूटर्स के नए मुख्य कार्याधिकारी और मुख्य वित्त अधिकारी की नियुक्ति के लिए बुधवार को होने निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार तक टाल दी गई है।
कंपनी ने बताया, ‘कंपनी के मुख्य पदों पर होने वाली नियुक्तियों की घोषणा निदेशक मंडल की बैठक में ही की जाएगी।’ निदेशक मंडल कंपनी को खरीदने के लिए आ रहे प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। इसीलिए इन नियुक्तियों में देरी हो रही है।
सत्यम को खरीदने की दौड़ में लार्सन ऐंड टुब्रो, बीके मोदी का स्पाइस समूह, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, हिंदुजा समूह, एचसीएल टेक्नोलॉजिज जैसी कंपनियां शामिल हैं। इस सूची में फुजित्सु, हिताची और आईबीएम के शामिल होने की भी संभावना जताई जा रही है।
हालांकि अधिकतर कंपनियों ने इस बारे में विचार करने के लिए 4-8 हफ्ते का समय मांगा है। इसके साथ ही कंपनियां ऐसे मामलों में फंसी कंपनियों के अधिग्रहण को लेकर सेबी के नियामकों की घोषणा का भी इंतजार कर रही हैं।
कार्यकारी निदेशक पद की दौड़ में टाटा केमिकल्स के पूर्व प्रबंध निदेशक होमी खुसरोखान का नाम सबसे आगे है। जबकि मुरुगप्पा समूह के पूर्व मुख्य अधिकारी पार्थो एस दत्त का नाम निदेशक (वित्त) पद के लिए सबसे मजबूत है। कंपनी के हालात से वाकिफ कराने के लिए होमी क ो बैठक में हिस्सा लेने के लिए बुलाया गया था।