बीपीसीएल के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाएगी एक्सेंचर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:56 AM IST

प्रमुख आईटी कंपनी एक्सेंचर ने आज कहा कि वह भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) के साथ मिलकर एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करेगी। इसे आईआरआईएस नाम दिया गया है जिसे खास तौर पर देश की दूसरी सबसे बड़ी तेल एवं गैस कंपनी के बिक्री एवं वितरण नेटवर्क के लिए तैयार किया जाएगा।
आईआरआईएस के निर्माण, डिजाइन एवं कार्यान्वयन के लिए एक्सेंचर अपनी डेटा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और क्लाउड प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करेगी। यह प्लेटफॉर्म देश भर में बीपीसीएल के नेटवर्क से रियल टाइम डेटा को एकीकृत करेगा। बीपीसीएल के नेटवर्क में उसके 18,000 से अधिक ईंधन खुदरा आउटलेट, 25,000 ट्रैंक ट्रक, 75 तेल प्रतिष्ठान एवं डिपो, 52 एलपीजी बॉटलिंग संयंत्र और 250 अतिरिक्त औद्योगिक एवं वाणिज्यिक स्थान शामिल हैं। इससे कंपनी को अपने व्यापक परिचालन का एक समेकित दृश्य मिल सकेगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं मशीन लर्निंग तकनीक पर आधारित एनालिटिक्स से परिचालित होने वाला आईआरआईएस प्लेटफॉर्म बाद में स्वचालित तरीके से काम करेगा और चेतावनी प्रदान करेगा जैसे खतरनाक स्थितियों अथवा उपकरणों की विफलता के बारे में त्वरित प्रतिक्रिया देना आदि शामिल हैं।
यह प्लेटफॉर्म स्वचालित सेंसर, कैमरा और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी) उपकरणों के जरिये प्रति सेकेंड 30 लाख से अधिक इनपुट स्वीकार करने में सक्षम होगा। इन उपकरणों को सभी प्रमुख स्थानों पर तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा यह प्लेटफॉर्म ईंधन स्टॉक, सुरक्षा, अनुपालन, उपकरण की स्थिति और परिसंपत्ति को बेहतर करने जैसे प्रमुख मापदंडों के आधार पर प्रदर्शन पर नजर रखेगा। बीपीसीएल के फील्ड वर्कफोर्स और पार्टनर नेटवर्क को पोर्टल, मोबाइल ऐप और नोएडा एवं चेन्नई में स्थापित कॉल सेंटरों के जरिये निर्बाध अनुभव मिलेगा।
एक्सेंचर के प्रमुख (इंडिया मार्केट यूनिट) पीयूष एन सिंह ने कहा, ‘हम मानते हैं कि हमारी औद्योगिक विशेषज्ञता एवं व्यापक डिजिटल क्षमता बीपीसीएल को वृद्धि की अगली लहर को संचालित करने और बाजार में विशेष लाभ हासिल करने में मदद कर सकती हैं। मानव एवं व्यावहारिक बुद्धिमत्ता के दमदार संयोजन से परिवर्तनकारी बदलाव आएगा जो बीपीसीएल के परिचालन को कहीं अधिक सुरक्षित एवं कुशल बनाने में मदद करेगा।’
आईआरआईएस देश भर में बीपीसीएल के 1,00,000 से अधिक कार्यबल को तेजी से और कहीं अधिक सटीक निर्णय लेने में समर्थ बनाएगा। यह इन्फ्रास्ट्रक्चर डाउनटाइम को कम करते हुए और ईंधन की गुणवत्ता को बरकरार रखते हुए ग्राहकों के अनुभव को बेहतर करने में मदद करेगा जिससे बिक्री बढ़ेगी।

First Published : April 13, 2021 | 11:52 PM IST