कमोडिटी

सोने-चांदी में उलटफेर, ग्लोबल मार्केट सुस्ती, घरेलू में सुस्त शुरुआत के तेजी

ग्लोबल मार्केट में सोना 4,000 डॉलर से नीचे फिसला, चांदी इस साल भी इस साल के निचले स्तर पर

Published by
रामवीर सिंह गुर्जर   
Last Updated- June 25, 2026 | 6:06 PM IST

सोने–चांदी के भाव में गुरुवार को काफी उथल–पुथल देखी गई। कारोबार के शुरुआत में ग्लोबल मार्केट कॉमेक्स पर सोना इस साल पहली बार 4,000 डॉलर से नीचे और चांदी इस साल के निचले स्तर तक चली गई। वहीं घरेलू बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने–चांदी के भाव में कारोबार के शुरुआती एक घंटे के दौरान तेज गिरावट देखी गई। लेकिन बाद में दोनों के भाव सुधरकर तेजी के साथ कारोबार करने लगे। ग्लोबल मार्केट में भाव सुधरे जरूर, लेकिन खबर लिखे जाने के समय इनमें नरमी ही देखी गई। 

घरेलू बाजार में सुधरा सोना

सोने के वायदा भाव की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। MCX पर सोने का बेंचमार्क अगस्त कॉन्ट्रैक्ट 598 रुपये की गिरावट के साथ 1,40,672 रुपये के भाव पर खुला। पिछला बंद भाव 1,41,270 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि गुरुवार (25 जून) को करीब 5 बजे यह कॉन्ट्रैक्ट 519 रुपये की तेजी के साथ 1,41,789 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 1,42,548 रुपये के भाव पर दिन का उच्च और 1,40,543 रुपये के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। सोने के वायदा भाव ने इस साल 1,80,779 रुपये के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया था।

चांदी भी सुस्त शुरुआत के बाद चमकी

चांदी के वायदा भाव की शुरुआत सुस्त रही। MCX पर चांदी का बेंचमार्क जुलाई कॉन्ट्रैक्ट आज 2,767 रुपये की गिरावट के साथ 2,10,308 रुपये पर खुला। पिछला बंद भाव 2,13,075 रुपये किलो था। लेकिन गुरुवार को करीब 5 बजे तक यह कॉन्ट्रैक्ट 3,293 रुपये की तेजी के साथ 2,16,368 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहा था। इस समय इसने 2,19,401 रुपये के भाव पर दिन का उच्च और 2,10,043 रुपये के भाव पर दिन का निचला स्तर छू लिया। इस तरह चांदी के भाव में 9,000 रुपये से अधिक का उतार चढ़ाव देखने को मिला। चांदी के वायदा भाव ने इस साल 4,20,048 रुपये किलो के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

Also Read: सोना इस साल पहली बार 4,000 डॉलर से नीचे, चांदी भी साल के निचले स्तर पर

घरेलू हाजिर बाजार में सोने–चांदी की चाल

हाजिर बाजार में सोने चांदी के कारोबार में सुस्ती देखने को मिली। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक बिना जीएसटी सोने के भाव गुरुवार को 1,39,873 रुपये पर बंद हुए, जो पिछले बंद भाव 1,42,178 रुपये से कम हैं। वहीं चांदी के हाजिर भाव 2,16,541 रुपये पर बंद हुए, मंगलवार को चांदी 2,22,035 रुपये पर बंद हुई थी।  

रिकवरी के बाद भी सुस्त सोना चांदी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने चांदी के वायदा भाव में सुस्ती देखने को मिल रही है। Comex पर सोना  4,019 डॉलर प्रति औंस के भाव पर खुला। पिछला क्लोजिंग प्राइस 4,008.80 डॉलर प्रति औंस था। खबर लिखे जाने के समय यह 9.90 डॉलर की गिरावट के साथ 3,998.90 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। हालांकि यह कारोबार के दौरान 3,976.30 डॉलर के निचले स्तर तक लुढ़क गया था।  सोने के भाव ने इस साल 5,586.20 डॉलर के भाव पर सर्वोच्च स्तर छू लिया।

Comex पर चांदी के वायदा भाव 57.59 डॉलर के भाव पर खुले। पिछला क्लोजिंग प्राइस 58.08 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 0.85 डॉलर की गिरावट के साथ 57.23 डॉलर प्रति औंस के भाव पर कारोबार कर रहा था। हालांकि यह 56.40 डॉलर तक फिसल गई थी। इसके भाव ने इस साल 121.79 डॉलर का उच्चतम स्तर छू लिया।

क्यों रहा सोने-चांदी में उतार-चढ़ाव

जानकारों के मुताबिक बीते दिनों सोने चांदी के भाव मजबूत डॉलर और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका में तेजी से गिर रहे थे। लेकिन गुरुवार को क्रूड ऑयल 70 डॉलर से नीचे फिसलने के बाद ब्याज दरें बढ़ने की आशंका कमजोर पड़ने और निचले स्तर पर निवेश बढ़ने से इन कीमती धातुओं के दाम में सुधार देखने को मिला।

MCX, Comex पर भाव

MCX

कमोडिटी शुरुआती भाव पिछला बंद भाव मौजूदा भाव
सोना 1,40,672 1,41,270 1,4़़1,789
चांदी 2,10,308 2,13,075 2,16,368

Comex

कमोडिटी शुरुआती भाव पिछला बंद भाव मौजूदा भाव
सोना 4,019.00 4,008.80 3,998.90
चांदी 57.59 58.08 57.23

(नोट: mcx में सोने के वायदा भाव रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी रुपये प्रति किलो में हैं। कॉमेक्स में दोनों के वायदा भाव डॉलर प्रति ओंस में हैं। last trading price (LTP) खबर लिखे जाने के समय तक के हैं)

First Published : June 25, 2026 | 5:56 PM IST