भारत और स्विट्जरलैंड अक्षय उर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिये संभावना तलाशने को सहमत हुए हैं। यूरोपीय देश इस क्षेत्र में निवेश करने को लेकर गंभीर है।
नवीन एवं नवीकरणीय उर्जा मंत्री फारूक अब्दुल्ला तथा स्वीट्जरलैंड की पर्यावरण, परिवहन, उर्जा तथा संचार विभाग की प्रमुख डोरिस लेथार्द के बीच चली करीब एक घंटे की बैठक के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे को इस क्षेत्र में सहायता करने पर सहमत हुए।
कल बैठक के बाद स्विट्जरलैंड की मंत्री ने कहा, भारत और स्विट्जरलैंड को अक्षय उर्जा उपयोग बढ़ाने के लिये प्रयास करना होगा। हम दोनों इस बात को लेकर पूरी तरह सहमत हैं कि यह भविष्य के लिये जरूरी है। हमें पर्यावरण और रोजगार को ध्यान में रखकर इस दिशा में काम करना होगा।
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि स्विट्जरलैंड ने अक्षय उर्जा के क्षेत्र में काफी सफलता हासिल की है और वे भारत को छोटी पनबिजली तथा कचरे से बिजली उत्पादन के क्षेत्र में मदद कर सकते हंै।
भाषा