मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स और 2010 के विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स को यदि चैंपियन्स लीग ट्वेंटी . 20 के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीद बनाये रखनी हैं तो उन्हें कल यहां एक दूसरे के खिलाफ होने वाले मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स लगातार दो हार से बाहर होने के कगार पर है जबकि मुंबई इंडियन्स एक हार और एक मैच के बारिश के भेंट चढ़ जाने के कारण कांटों भरी राह पर खड़ा हो गया है।
इन दोनों टीमों के लिये ग्रुप बी से अभी सेमीफाइनल का रास्ता बंद नहीं हुआ लेकिन उन्हें एक दूसरे से टकराने से पहले कल होने वाले पहले मैच में यार्कशर की हाईवेल्ड लायन्स पर जीत की दुआ करनी होगी। यदि लायन्स इस मैच में जीत जाता है तो वह ग्रुप बी से सेमीफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन जाएगी और ऐसे में मुंबई और चेन्नई का मैच महज औपचारिकता रह जाएगा।
चेन्नई ने तो अब तक खाता भी नहीं खोला है।। उसे पहले मेच में सिडनी सिक्सर्स ने 14 रन से और फिर लायन्स ने छह विकेट से हराया। अब धोनी की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिये कुछ खास करने के अलावा दूसरी टीमों के परिणामों पर भी निर्भर रहना होगा।
मुंबई ने भी अब तक कोई मैच नहीं जीता है। हरभजन सिंह की अगुवाई वाली टीम पहले मैच में लायन्स से आठ विकेट से हार गयी थी जबकि यार्कशर के खिलाफ उसका मैच बारिश की भंेट चढ़ गया था। इस तरह से मुंबई के दो मैच में केवल दो अंक हैं।