, 19 अक्तूबर
विद्रोहियों ने इदलिब शहर में एएफपी के संवाददाता को एक क्लस्टर बम गिरने से हुई क्षति के मलबे और ऐसे ही कई बमों को दिखाया जिनमें विस्फोट नहीं हुआ था ।
उपकरणों पर क्रिलिक लिपि में कई पूर्वी यूरोपिय देशों के नाम लिखे हुए हैं, जिनमें रूस भी शामिल है । रूस राष्ट्रपति बशर अल-असद के प्रशासन का निकट सहयोगी है ।
ह्यूमन राइट्स वाच ने रविवार को एक बयान जारी कर सीरिया की वायुसेना पर आरोप लगाया था कि वह विद्रोहियों के खिलाफ और सघन जनसंख्या वाले क्षेत्रों में क्लस्टर बमों का उपयोग कर रही है ।
सीरिया की सेना ने अगले दिन इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि उसके पास ऐसे हथियार नहीं हैं ।
क्लस्टर बमों में करीब 650 बम शामिल हो सकते हैं जो गिराए जाने पर बहुत बड़े क्षेत्र में फैल जाते हैं । इन्हें इस तरह डिजाइन किया जाता है कि गिराने पर उनमें विस्फोट हो ।
हैंडीकैप इंटरनेशनल के मुताबिक, बम गिराने पर करीब पांच से 40 प्रतिशत में विस्फोट नहीं होता और वे सामान्य बारूदी सुरंगों में बदल जाती हैं । यह आम लोगों के लिए जानलेवा हो सकते हैं ।
विद्रोहियों के एक कमांडर का आरोप है कि वायुसेना पिछले करीब 20 दिनों से इन क्लस्टर बमों का प्रयोग कर रही है ।