उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में तीन जालसाजों को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब वे स्वयं को मानवाधिकार आयोग का प्रतिनिधि बता कर जिलाधिकारी पर धौंस जमाने की कोशिश कर रहे थे।
जिलाधिकारी किंजल सिंह ने आज यहां बताया है कि कल खुद को मानवाधिकार आयोग का प्रतिनिधि होने का दावा करते हुए तीन लोग दोपहर कचहरी और शाम को आवास के कैंप कार्यालय पहुंचे और दरगाह के एक मामले में नाजायज दबाव बनाने की कोशिश की।
सिंह ने बताया कि शक होने पर उन्होंने पुलिस बुला ली और तीनो जालसाजों मुदस्सिर खां, खुर्शीद एवं सादिक अली को गिरफ्तार करवा दिया।
यह बताते हुए कि तीनों जालसाजो के पास फर्जी पहचान पत्र एवं दस्तावेज बरामद हुए हैं, सिंह ने कहा कि पुलिस ने तीनो के विरुद्ध नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्यवाही शुरु कर दी है।
उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में पहले दो मुदस्सिर और खुर्शीद बहराइच के ही रहने वाले हैं, जबकि सादिक अली लखनउ का रहने वाला है।