उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री बहुजन समाज पार्टी
उच्चतम न्यायालय द्वारा नौ साल पुराने आय से अधिक संपत्ति मामले को खारिज किये जाने के बाद मायावती ने यहां संवाददाताओं से कहा आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में सीबीआई जांच को लेकर आज उच्चतम न्यायालय ने जो फैसला दिया है उसका मैं और मेरी पार्टी दिल से स्वागत करती है।
उच्चतम न्यायालय में अपने वकीलों हरीश साल्वे तथा सतीश चन्द्र मिश्र का धन्यवाद देते हुए उन्होंने पूरे देश में अपनी पार्टी के लोगों को भी दिल से आभार प्रकट किया और कहा कि कार्यकर्ताओं ने इस मुकदमे में धैर्य से काम लिया। बीच में कई उतार-चढ़ाव आये और नौ साल गुजर गये लेकिन वे कभी विचलित नहीं हुए और मजबूत चट्टान की तरह साथ खड़े रहे।
मायावती ने कहा पार्टी कार्यकर्ताओं ने तय किया था कि जिस तरह बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर तमाम रुकावटों के बावजूद देश के दबे कुचले लोगों को अपने पैरों पर खड़े करने की कोशिश से कभी विचलित नहीं हुए, उसी तरह हमारी बहन जी :मायावती: उनके कारवां को मंजिल तक पहुंचाने के लिये जी-जान से लगी हैं....... विरोधी रोड़े पैदा करेंगे, मगर हमें विचलित नहीं होना है।
बसपा अध्यक्ष ने न्याय देने के लिये उच्चतम न्यायालय का भी आभार प्रकट किया।
गौरतलब है कि बसपा सुप्रीमो मायावती को बड़ी राहत देते हुए उच्चतम न्यायालय ने आज उनके खिलाफ नौ साल पुराने आय से अधिक संपत्ति मामले को खारिज कर दिया।