टेक-ऑटो

अब मोबाइल नंबर रहेगा पूरी तरह सीक्रेट! WhatsApp का नया Username फीचर बढ़ाएगा प्राइवेसी

WhatsApp जल्द Username फीचर लॉन्च करेगा, जिससे यूजर्स मोबाइल नंबर की जगह अपना यूनिक Username शेयर कर सकेंगे और प्राइवेसी पहले से ज्यादा मजबूत होगी।

Published by
शिवानी शिंदे   
Last Updated- June 30, 2026 | 8:26 AM IST

WhatsApp Username Feature: इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर लेकर आ रहा है। कंपनी ने सोमवार, 29 जून से यूजरनेम (Username) रिजर्वेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत यूजर्स पहले से अपना पसंदीदा यूजरनेम सुरक्षित कर सकेंगे। यह फीचर इस साल के आखिर तक WhatsApp ऐप में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद यूजर्स किसी से संपर्क करने के लिए अपना मोबाइल नंबर साझा करने की बजाय केवल अपना यूनिक यूजरनेम शेयर कर सकेंगे।

क्यों शुरू किया गया Username Reservation?

WhatsApp ने अपने आधिकारिक ब्लॉग में बताया कि दुनियाभर में उसके 3 अरब से अधिक यूजर्स हैं। ऐसे में कई लोगों के नाम एक जैसे हो सकते हैं। इसी वजह से कंपनी ने फीचर लॉन्च होने से पहले ही यूजरनेम रिजर्व करने की सुविधा शुरू की है, ताकि हर व्यक्ति अपनी पसंद का यूजरनेम चुनने का मौका पा सके।

कंपनी के मुताबिक, जैसे ही यह सुविधा आपके अकाउंट के लिए उपलब्ध होगी, इसकी जानकारी नोटिफिकेशन के जरिए दी जाएगी।

मोबाइल नंबर रहेगा पूरी तरह सुरक्षित

WhatsApp का कहना है कि इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यूजर्स की प्राइवेसी होगी। नया यूजरनेम बनने के बाद लोगों को अपना मोबाइल नंबर साझा करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे चाहें तो सिर्फ अपना यूजरनेम देकर दूसरों से जुड़ सकेंगे।

साथ ही यूजर अपने अकाउंट का यूजरनेम ऐप के भीतर कभी भी बदल सकेंगे।

बिना सही Username के नहीं हो सकेगा संपर्क

कंपनी ने साफ किया है कि WhatsApp पर किसी तरह की सार्वजनिक डायरेक्टरी (Public Directory) या यूजरनेम सुझाव (Suggestions) उपलब्ध नहीं होंगे। यानी कोई भी व्यक्ति केवल खोजकर आपका अकाउंट नहीं ढूंढ पाएगा।

किसी नए व्यक्ति को आपसे पहली बार संपर्क करने के लिए आपका सटीक यूजरनेम पता होना जरूरी होगा। इससे अनजान लोगों के अनचाहे मैसेज आने की संभावना भी कम होगी।

Username Key से मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा

WhatsApp इस फीचर के साथ एक वैकल्पिक Username Key भी उपलब्ध कराएगा। अगर कोई यूजर इसे सक्रिय करता है, तो पहली बार मैसेज भेजने वाले व्यक्ति को इस अतिरिक्त Key की भी जानकारी देनी होगी। इसका उद्देश्य यूजर्स को यह तय करने का अधिक नियंत्रण देना है कि उनसे कौन संपर्क कर सकता है।

कंपनी का कहना है कि Username फीचर WhatsApp की प्राइवेसी को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम है, जिससे यूजर्स को पहले से ज्यादा सुरक्षित और नियंत्रित मैसेजिंग अनुभव मिलेगा।

First Published : June 30, 2026 | 8:26 AM IST