टेक-ऑटो

WhatsApp का बड़ा फीचर, पैरेंट्स तय करेंगे कौन करेगा चैट

अब माता-पिता की निगरानी में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए व्हाट्सऐप अकाउंट

Published by
आशीष आर्यन   
Last Updated- March 12, 2026 | 8:56 AM IST

मेसेजिंग ऐप व्हाट्सऐप ने बुधवार को नए अभिभावक-नियंत्रित अकाउंट पेश किए। इससे माता-पिता और अभिभावक अपने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए व्हाट्सऐप सेटअप कर सकते हैं। इसकी खासियत यह है कि इन अकाउंट के प्राइवेसी टूल को केवल मुख्य डिवाइस पर ही प्रबंधित किया जा सकता है।

व्हाट्सऐप ने एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, ‘नया खाता खोलने के लिए माता-पिता को अपना और अपने बच्चे का फोन साथ-साथ रखना होगा और दिशानिर्देशानुसार अकाउंट को लिंक करना होगा। एक बार सेट अप होने के बाद ये अकाउंट माता-पिता या अभिभावक द्वारा नियंत्रित होंगे। इसमें माता-पिता यह तय कर सकेंगे कि अकाउंट से कौन संपर्क कर सकता है और वे किन ग्रुप में शामिल हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त, माता-पिता अज्ञात नंबरों से आने वाले मैसेज रिक्वेस्ट की समीक्षा कर सकते हैं और अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग्स को स्वयं नियंत्रित कर सकते हैं।’

व्हाट्सऐप ने कहा कि बच्चों के व्हाट्सऐप अकाउंट का नियंत्रण और सेटिंग अभिभावक के फोन यानी मुख्य डिवाइस पर एक पर्सनल आइडेंटिफिकेशन नंबर (पिन) द्वारा सुरक्षित होंगी। कंपनी ने कहा, ‘इसकी विशेषता यह भी होगी कि केवल माता-पिता ही प्राइवेसी सेटिंग्स तक पहुंच सकते हैं या परिवार की जरूरत के मुताबिक उन्हें बदल सकते हैं।’

कंपनी ने यह भी बताया कि माता-पिता को इस बात पर पूरा नियंत्रण होगा कि बच्चों से कौन संपर्क कर सकता है, वे किन ग्रुप में शामिल हो सकते हैं और कौन अजनबी उन्हें मैसेज या कॉल कर सकता है।

First Published : March 12, 2026 | 8:55 AM IST