Categories: विशेष

सोशल मीडिया पर सुपरहिट ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 4:38 PM IST

आजादी के 75 साल पूरे होने पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर पर तिरंगा फहराने के लक्ष्य के साथ शुरू ‘हर घर तिरंगा’ अभियान सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से घरों पर तिरंगा फहराने और उसकी तस्वीर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर डालने का आह्वान किया है। इसके बाद फेसबुक और ट्विटर पर लोगों के प्रोफाइल तिरंगों से सज गए हैं।
सरकार ने अभियान को सफल बनाने के लिए ‘हर घर तिरंगा डॉट कॉम’ वेबसाइट भी शुरू की है। इस वेबसाइट पर पंजीकरण कराने के बाद घर पर तिरंगा फहराने की तस्वीर पोस्ट करने वाले को इस अभियान में भाग लेने का सर्टिफिकेट मिल रहा है। अभी तक 33 लाख से अधिक लोग वेबसाइट पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर पोस्ट कर चुके हैं और 1.3 करोड़ लोगों ने तिरंगे को पिन किया हैं।

अभियान सफल बनाने के लिए सरकार ने भारतीय ध्वज संहिता, 2002 में बदलाव किया है। पहले केवल खादी और सूती कपड़े से बने तिरंगे ही फहराए जा सकते थे। अब मशीन से बने और पॉलिएस्टर, ऊन तथा सिल्क खादी से बने झंडे भी फहराए जा सकते हैं। पहले राष्ट्रीय ध्वज सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही फहराया जाता था मगर 20 जुलाई को हुए संधोशन के बाद तिरंगा चौबीसों घंटे फहराया जा सकता है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का सर्टिफिकेट इस तरह लिया जा सकता है –
⦁ ‘हर-घर तिरंगा’ अभियान की वेबसाइट (https://harghartiranga.com) पर जाएं
⦁ अपने गूगल अकाउंट से वेबसाइट में पंजीकरण/लॉग इन कीजिए
⦁ वेबसाइट के साथ अपनी लोकेशन शेयर करें और लोकेशन पर डिजिटल तिरंगा पिन करें
⦁ तिरंगा पिन करने पर नागरिकों को सर्टिफिकेट मिलेगा, जिसे डाउनलोड किया जा सकता है

First Published : August 12, 2022 | 8:02 PM IST