प्रतीकात्मक तस्वीर | फाइल फोटो
IT सेक्टर की दिग्गज कंपनी पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के निवेशकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 18 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। कंपनी के शेयरों का फेस वैल्यू 5 रुपये है, जिसके हिसाब से यह 360 फीसदी बैठता है। जिन निवेशकों के पास इस कंपनी के शेयर तय रिकॉर्ड डेट यानी 27 जुलाई 2026 तक होंगे, वे इस डिविडेंड के हकदार होंगे।
कंपनी के नियमों के मुताबिक, यह राशि शेयरधारकों को डिक्लेरेशन के 30 दिनों के भीतर उनके खातों में भेज दी जाएगी। इसके अलावा, कंपनी की 36वीं सालाना आम बैठक यानी AGM आगामी 3 अगस्त 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और अन्य माध्यमों के जरिए आयोजित की जाएगी।
शेयर बाजार को दी गई जानकारी के मुताबिक, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। जनवरी से मार्च यानी चौथी तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 33.73 फीसदी की जोरदार बढ़त के साथ 529.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी ने 395.76 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। वहीं, अगर ऑपरेशनल रेवेन्यू की बात करें, तो यह लगभग 25 फीसदी उछलकर 4,055.93 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Also Read: Upcoming IPO: देश का सबसे बड़ा हेल्थकेयर IPO ला रही मणिपाल हेल्थ, 29 जुलाई से खुलेगा इश्यू
अगर अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के मुकाबले तुलना करें, तो कंपनी के मुनाफे में 20.43 फीसदी और रेवेन्यू में 7.35 फीसदी की तेजी आई है। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें, तो पर्सिस्टेंट का कुल मुनाफा 33.20 फीसदी बढ़कर 1,865.12 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 1,400.16 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, पूरे साल का ऑपरेशनल रेवेन्यू 14,748.44 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 23.53 फीसदी अधिक है।
कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के शेयरों में अच्छी खासी हलचल देखने को मिली। कंपनी का शेयर 4.03 फीसदी की मजबूती के साथ 5,203.15 रुपये पर बंद हुआ। दिनभर के कारोबार के दौरान इस काउंटर ने 5,213.95 रुपये का ऊपरी और 4,965.00 रुपये का निचला स्तर छुआ। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 5.56 फीसदी का उछाल आया है।
पिछले एक साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस स्टॉक का 52 हफ्ते का उच्च स्तर 23 दिसंबर 2025 को 6,597 रुपये रहा था, जबकि 30 जून 2026 को यह शेयर 4,242.65 रुपये के 52 हफ्ते के सबसे निचले स्तर पर भी आ गया था। बीएसई 100 इंडेक्स का हिस्सा रही इस कंपनी का कुल मार्केट कैप फिलहाल 82,079.69 करोड़ रुपये है।