स्वामी प्रसाद मौर्य समेत कई सपा में शामिल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 10:06 PM IST

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार से बगावत कर इस्तीफा देने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने कुछ पूर्व मंत्रियों के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा विधायक जिन्होंने पहले अपना इस्तीफा दे दिया था, वे भी सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। स्वामी प्रसाद मौर्य के अलावा, सपा के पाले में जाने वाले अन्य मंत्री धर्म सिंह सैनी भी शामिल थे। भाजपा सरकार से इस्तीफा देने वाले एक और मंत्री दारा सिंह चौहान आज सपा के कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए।
समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में इस अवसर पर मौर्य ने कहा कि आगामी चुनाव में वह उप्र से भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगे। शुक्रवार को सपा में शामिल होने वाले पांच भाजपा विधायक हैं भगवती सागर (कानपुर में बिल्हौर), रोशनलाल वर्मा (शाहजहांपुर में तिलहर), विनय शाक्य (औरैया में बिधूना), बृजेश प्रजापति (बांदा में तिंदवारी) और मुकेश वर्मा (फिरोजाबाद में शिकोहाबाद)। सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ से अपना दल (सोनेलाल) विधायक अमर सिंह चौधरी भी सपा में शामिल हो गए। इस्तीफा देने वाले मंत्री और अधिकांश विधायक जो अब तक भाजपा छोड़कर आए हैं, सभी मौर्य के खास माने जाते हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य के मंगलवार को उप्र सरकार से इस्तीफा देने के बाद यह सभी विधायक भाजपा छोड़कर आज सपा में शामिल हुए हैं। इनमें से अधिकांश विधायक उत्तर प्रदेश में 2017 के चुनावों से पहले बहुजन समाज पार्टी से भाजपा में शामिल हो गए थे। कुछ भाजपा नेताओं का दावा है कि यह वह विधायक हैं जो जानते हैं कि इस बार उन्हें विधानसभा का टिकट नहीं दिया जाएगा।    

First Published : January 14, 2022 | 11:09 PM IST