Representative image
अगस्त का महीना खत्म होने वाला है और इसके साथ ही कई जरूरी वित्तीय कामों की डेडलाइन भी नजदीक आ गई है। अगर आप LPG सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, ITR-3 या ITR-4 दाखिल करते हैं या Axis Bank का डेबिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए ये तारीखें महत्वपूर्ण हैं। आइए जानते हैं किन कामों की डेडलाइन कब है और क्या बदलाव होने वाले हैं।
LPG उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। घरेलू गैस कनेक्शन की e-KYC कराने की समयसीमा बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी गई है। एक वरिष्ठ ऑयल इंडस्ट्री अधिकारी के हवाले से बताया गया है कि जिन ग्राहकों ने अभी तक e-KYC नहीं कराई है, उन्हें इसके लिए मैसेज भी भेजा जाएगा।
देश में करीब 32.97 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता हैं। राहत की बात यह है कि 31 अगस्त के बाद भी गैस सिलेंडर की सप्लाई बंद नहीं होगी। हालांकि, जिन ग्राहकों की e-KYC पूरी नहीं होगी, उन्हें घरेलू LPG सिलेंडर किस कीमत पर मिलेगा, इस पर पेट्रोलियम मंत्रालय के अगले निर्देश का इंतजार है।
LPG डीलरों के मुताबिक 31 अगस्त की समयसीमा खत्म होने का मतलब यह नहीं है कि e-KYC की सुविधा बंद हो जाएगी। जिन ग्राहकों की e-KYC अभी बाकी है, वे आगे भी इसे पूरा कर सकेंगे। तेल कंपनियों के मुताबिक e-KYC एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।
रसोई गैस की कीमतों में आज यानी 25 अगस्त को कोई बदलाव नहीं हुआ है। घरेलू और कमर्शियल LPG सिलेंडर अगस्त की शुरुआत में तय कीमतों पर ही मिल रहे हैं।
दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है, जबकि 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,738 रुपये में मिल रहा है।
रांची में घरेलू सिलेंडर 999.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2,922 रुपये का है। यानी दिल्ली के मुकाबले रांची में घरेलू सिलेंडर 57.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 184 रुपये महंगा है।
वहीं, मुंबई में घरेलू LPG सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 2,691.50 रुपये का है। अलग-अलग शहरों में LPG की कीमतों में अंतर स्थानीय टैक्स, ट्रांसपोर्टेशन और दूरी जैसे कारणों से होता है।
Also Read: सरकारी स्कूल और अस्पताल क्यों बने पर्सनल लोन कंपनियों का नया बाजार
जिन टैक्सपेयर्स की कमाई बिजनेस या प्रोफेशन से होती है और जिनके खातों का ऑडिट जरूरी नहीं है, उनके लिए ITR-3 और ITR-4 दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 है।
इसमें फ्रीलांसर, सेल्फ-एम्प्लॉयड प्रोफेशनल्स, छोटे कारोबारी और वे टैक्सपेयर्स शामिल हो सकते हैं, जो धारा 44AD या 44ADA के तहत प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन स्कीम का विकल्प चुनते हैं।
अगर आप इस कैटेगरी में आते हैं, तो आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते ITR दाखिल करना बेहतर रहेगा।
Axis Bank के डेबिट कार्ड ग्राहकों के लिए भी एक अहम बदलाव होने जा रहा है। बैंक के संशोधित नियमों के मुताबिक 28 अगस्त 2026 से DCC यानी Dynamic Currency Conversion शुल्क बढ़ जाएगा।
अभी यह शुल्क 1.5 फीसदी है, जिसे बढ़ाकर 3.5 फीसदी किया जाएगा। यह शुल्क उन इंटरनेशनल कार्ड ट्रांजैक्शन से जुड़ा है, जहां भुगतान स्थानीय मुद्रा के बजाय भारतीय रुपये में करने का विकल्प चुना जाता है।
इसलिए अगर आप विदेश यात्रा के दौरान Axis Bank डेबिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो 28 अगस्त से लागू होने वाले इस बदलाव को ध्यान में रखना जरूरी है।