आपका पैसा

Aadhaar Update: एड्रेस प्रूफ नहीं? कोई बात नहीं, इस नए तरीके से तुरंत अपडेट करें आधार

Aadhaar Update: Unique Identification Authority of India ने HOF तरीके से बिना एड्रेस प्रूफ के आधार में पता अपडेट करना आसान बना दिया है।

Published by
मानसी वार्ष्णेय   
Last Updated- May 06, 2026 | 2:23 PM IST

Aadhaar Update: आधार कार्ड आज के समय में सबसे जरूरी पहचान दस्तावेजों में से एक बन चुका है। बैंकिंग से लेकर सरकारी योजनाओं तक, हर जगह इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर आधार में नाम, जन्मतिथि या पता गलत हो जाए, तो उसे ठीक कराना जरूरी हो जाता है। खासतौर पर एड्रेस अपडेट करना कई लोगों के लिए मुश्किल भरा काम होता था, क्योंकि इसके लिए वैध एड्रेस प्रूफ देना जरूरी होता था।

अब इस प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए Unique Identification Authority of India ने बड़ा बदलाव किया है। नए नियम के तहत अब बिना एड्रेस प्रूफ के भी आधार में पता अपडेट किया जा सकता है।

Head of Family तरीका क्या है

UIDAI ने एड्रेस अपडेट के लिए ‘Head of Family’ यानी HOF तरीका शुरू किया है। इस सुविधा के जरिए कोई भी व्यक्ति अपने परिवार के मुखिया के आधार में दर्ज पते के आधार पर अपना एड्रेस अपडेट करा सकता है।

इसका मतलब है कि अगर आपके पास खुद के नाम पर कोई एड्रेस प्रूफ नहीं है, तब भी आप अपने पिता, पति, पत्नी या किसी अन्य परिवार के सदस्य के पते का इस्तेमाल कर सकते हैं, बशर्ते वह व्यक्ति इसकी मंजूरी दे।

किन लोगों को मिलेगा फायदा

यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए राहत लेकर आई है जो किराए के मकान में रहते हैं या जिनके नाम पर बिजली बिल, रेंट एग्रीमेंट जैसे दस्तावेज नहीं होते। अब ऐसे लोगों को एड्रेस अपडेट कराने के लिए अलग से कागजात जुटाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कैसे करें एड्रेस अपडेट

इस नई सुविधा का फायदा उठाने के लिए कुछ आसान स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

  • सबसे पहले आधार ऐप या पोर्टल पर लॉगिन करें।
  • इसके बाद ‘Services’ सेक्शन में जाकर ‘Address Update’ विकल्प चुनें।
  • अब ‘Head of Family’ के जरिए एड्रेस अपडेट करने का ऑप्शन सिलेक्ट करें।
  • मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी से वेरिफिकेशन पूरा करें।
  • इसके बाद परिवार के मुखिया का आधार नंबर दर्ज करें और अपना रिश्ता चुनें।
  • अगले चरण में सेल्फ डिक्लेरेशन और फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।

अप्रूवल के बाद होगा अपडेट

प्रक्रिया पूरी करने के बाद आपको एक SRN नंबर मिलेगा। इस नंबर को उस परिवार के सदस्य के साथ साझा करना होगा, जिसका एड्रेस आपने इस्तेमाल किया है।

इसके बाद उन्हें अपने आधार अकाउंट में लॉगिन करके ‘Member Request’ सेक्शन में जाकर इस रिक्वेस्ट को मंजूरी देनी होगी। जैसे ही अप्रूवल मिल जाता है, आपका एड्रेस अपडेट हो जाएगा।

कितनी लगेगी फीस

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए 75 रुपये की फीस तय की गई है। यह भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।

क्यों है यह बदलाव अहम

UIDAI का यह कदम करोड़ों लोगों के लिए राहत भरा है। खासकर उन लोगों के लिए, जो बार-बार जगह बदलते हैं या जिनके पास अपने नाम का एड्रेस प्रूफ नहीं होता। अब आधार में पता अपडेट करना पहले से कहीं ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गया है।

First Published : May 6, 2026 | 2:23 PM IST