देश की सबसे बड़ी IT कंपनी Tata Consultancy Services (TCS) के तिमाही नतीजों के एक दिन बाद शुक्रवार को शेयर बाजार में कंपनी को झटका लगा। TCS का शेयर शुक्रवार सुबह NSE पर 2% गिरकर ₹3,297 के स्तर तक पहुंच गया। गुरुवार को बाज़ार बंद होने के बाद कंपनी ने जून तिमाही (Q1FY26) के नतीजे जारी किए, जिसमें इसका कंसोलिडेटेड रेवेन्यू ₹63,437 करोड़ रहा। यह पिछले मार्च तिमाही के ₹64,479 करोड़ की तुलना में 1.6% कम है। इतना ही नहीं, कंपनी का रेवेन्यू बाजार के अनुमान ₹64,343 करोड़ से भी कम निकला। हालांकि साल-दर-साल आधार पर कंपनी का रेवेन्यू 1.3% बढ़ा है, क्योंकि एक साल पहले जून तिमाही में यह ₹62,613 करोड़ था। फिर भी, उम्मीद से कम प्रदर्शन के चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है।
ALSO READ | Stock Market Today: TCS के नतीजों से बाजार निराश, 370 अंक गिरकर खुला सेंसेक्स; निफ्टी IT इंडेक्स 1.35% फिसला
TCS के नतीजों को IT सेक्टर की स्थिति का शुरुआती संकेत माना जाता है, और इसी कारण इसका असर बाकी कंपनियों पर भी दिखा। Nifty IT इंडेक्स शुक्रवार को अब तक 3% तक टूट चुका है। केवल TCS ही नहीं, Infosys, Wipro, LTI Mindtree और Tech Mahindra जैसे दूसरे दिग्गज IT स्टॉक्स में भी 1% से 2% तक की गिरावट दर्ज हुई है।
वित्त वर्ष 2025-26 की शुरुआत से अब तक TCS का प्रदर्शन बाज़ार से पीछे रहा है। TCS के शेयर में अब तक करीब 8% की गिरावट आई है, जबकि Nifty 50 में इसी अवधि में 7.5% की बढ़त दर्ज की गई है। वहीं Nifty IT इंडेक्स में 2.6% की तेजी देखने को मिली है।
Tata Consultancy Services (TCS) के शेयर में तकनीकी तौर पर कमजोरी के संकेत लगातार गहराते जा रहे हैं। शुक्रवार को शेयर ₹3,320 के आसपास ट्रेड कर रहा है, और पहली बार 29 अप्रैल 2025 के बाद, यह अपने डेली चार्ट के Super Trend सपोर्ट के नीचे फिसल गया है।
मौजूदा प्राइस: ₹3,320
संभावित टारगेट: ₹3,140
डाउनसाइड रिस्क: 5.4%
सपोर्ट: ₹3,230
रेजिस्टेंस: ₹3,343; ₹3,423; ₹3,442; ₹3,460
टेक्निकल चार्ट्स के मुताबिक, अब TCS का शेयर ₹3,343 से नीचे बना रहता है, तो निकट भविष्य में गिरावट का रुख बना रह सकता है। शेयर फिलहाल Bollinger Bands के लोअर-एंड से नीचे ट्रेड कर रहा है, जिससे यह साफ है कि बाजार में बिकवाली का दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में ₹3,230 का स्तर अगला अहम सपोर्ट होगा, जो कि वीकली Bollinger Band के निचले सिरे पर आता है। अगर यह लेवल भी टूटता है, तो ₹3,140 तक गिरावट संभव है।
ALSO READ | HCL Tech Q1 Preview: HCL Tech के नतीजों से पहले ब्रोकरेज अलर्ट! मुनाफा घटेगा या डील्स से पलटेगा खेल?
शेयर के लिए निकट भविष्य में ₹3,343, ₹3,423, ₹3,442 और ₹3,460 पर रुकावटें (resistance) हैं।
20-Day Moving Average: ₹3,423
50-Day Moving Average: ₹3,442
जब तक शेयर ₹3,460 के ऊपर नहीं निकलता, तब तक कुल मिलाकर इसमें तेज़ी की उम्मीद कम है। फिलहाल तकनीकी संकेत बताते हैं कि मौजूदा रुझान मंदी वाला है, और 5.4% तक की और गिरावट का जोखिम बना हुआ है।