बाजार

सिर्फ ₹3700 लगाकर ₹6300 कमाने का मौका, ब्रोकरेज ने इन 2 स्टॉक्स पर सुझाई बुल स्प्रेड स्ट्रैटेजी

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर डेरिवेटिव एनालिस्ट नंदीश शाह ने दो स्टॉक्स JSW Energy और IEX पर बुल स्प्रेड रणनीति सुझाई है

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- April 17, 2026 | 8:19 AM IST

Stocks Trading Strategy: शेयर बाजार में इस समय कुछ स्टॉक्स ऐसे हैं जो अचानक सुर्खियों में आ गए हैं। तेजी का माहौल बन रहा है और ट्रेडर्स की नजर उन मौकों पर है जहां सीमित जोखिम लेकर अच्छा मुनाफा कमाया जा सके। ऐसे समय में ऑप्शन ट्रेडिंग की बुल स्प्रेड रणनीति एक बार फिर चर्चा में है क्योंकि इसमें नुकसान तय रहता है और कमाई का अंदाजा पहले से लगाया जा सकता है।

इसी बीच एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर डेरिवेटिव एनालिस्ट नंदीश शाह ने दो स्टॉक्स JSW Energy और IEX पर बुल स्प्रेड रणनीति सुझाई है। उनका मानना है कि इन दोनों में मौजूदा समय में तेजी का रुझान बन रहा है।

JSW Energy पर रणनीति

JSW Energy के लिए 28 अप्रैल एक्सपायरी का 540 कॉल ऑप्शन 11.75 रुपये में खरीदने और साथ ही 550 कॉल ऑप्शन 8.05 रुपये में बेचने की सलाह दी गई है। इस रणनीति में लॉट साइज 1000 का है और कुल लागत करीब 3700 रुपये बैठती है।

अगर एक्सपायरी के दिन शेयर 550 रुपये या उससे ऊपर बंद होता है तो करीब 6300 रुपये तक का मुनाफा हो सकता है। वहीं ब्रेकईवन स्तर 543.7 रुपये है। यानी इस स्तर के ऊपर जाने पर ही कमाई शुरू होगी। जोखिम और इनाम का अनुपात 1 के मुकाबले 1.70 बताया गया है। इस ट्रेड के लिए करीब 99000 रुपये का मार्जिन चाहिए।

इस स्टॉक में हाल ही में शॉर्ट कवरिंग देखने को मिली है। यानी गिरावट पर दांव लगाने वाले अब अपनी पोजीशन काट रहे हैं। इससे शेयर को सहारा मिला है। साथ ही यह 10 और 20 दिन के औसत के ऊपर बना हुआ है। 200 हफ्ते के औसत के पास भी इसे सपोर्ट मिल रहा है। इसी वजह से इसमें तेजी का रुख मजबूत नजर आ रहा है।

IEX पर रणनीति

IEX में भी इसी तरह की बुल स्प्रेड रणनीति सुझाई गई है। इसमें 136 कॉल ऑप्शन 2.90 रुपये में खरीदने और 140 कॉल ऑप्शन 1.40 रुपये में बेचने की बात कही गई है। इसका लॉट साइज 3750 है।

अगर शेयर 140 रुपये या उससे ऊपर बंद होता है तो करीब 9375 रुपये का मुनाफा हो सकता है। वहीं अगर यह 136 रुपये के नीचे रहता है तो करीब 5625 रुपये तक का नुकसान हो सकता है। इस ट्रेड का ब्रेकईवन 137.5 रुपये रखा गया है। जोखिम और इनाम अनुपात यहां भी 1 के मुकाबले 1.70 है। इस रणनीति के लिए करीब 18000 रुपये का मार्जिन चाहिए।

इस स्टॉक में भी हल्की शॉर्ट कवरिंग देखने को मिली है और कीमत में तेजी आई है। यह शेयर अपने 5, 11 और 20 दिन के औसत के ऊपर निकल चुका है। इससे साफ संकेत मिलता है कि ट्रेंड पॉजिटिव हो गया है। यह शेयर तीन महीने के उच्च स्तर पर बंद हुआ है, जो एक मजबूत ब्रेकआउट का संकेत देता है। मोमेंटम इंडिकेटर भी तेजी की ओर इशारा कर रहे हैं।

(डिस्क्लेमर: यह लेख एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर डेरिवेटिव एनालिस्ट नंदीश शाह की सलाह पर आधारित है। निवेश से पहले वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)

First Published : April 17, 2026 | 8:13 AM IST