Representative image
Colgate Share Price: Colgate-Palmolive India के शेयरों में मंगलवार को दबाव देखने को मिला। कंपनी के शेयर करीब 3 फीसदी तक टूट गए, हालांकि ब्रोकरेज फर्म Jefferies का कंपनी को लेकर नजरिया काफी सकारात्मक बना हुआ है। Jefferies का मानना है कि आने वाले समय में कंपनी की बिक्री की रफ्तार बेहतर हो सकती है। इसमें वॉल्यूम बढ़ने, प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ने और कीमतों में बदलाव से मदद मिलने की उम्मीद है। हालांकि, ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी का मार्जिन फिलहाल एक दायरे में रह सकता है।
सुबह 10:46 बजे Colgate-Palmolive India का शेयर 2.34 फीसदी की गिरावट के साथ ₹1,917.30 पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान शेयर 3.2 फीसदी तक गिरकर ₹1,901.70 के निचले स्तर पर पहुंच गया। इसी समय Nifty 50 भी 0.35 फीसदी की गिरावट के साथ 24,202.95 पर था।
Jefferies ने एनालिस्ट मीटिंग के बाद जारी अपनी रिपोर्ट में कहा कि Colgate शहरी और ग्रामीण दोनों बाजारों में ओरल केयर की खपत बढ़ाने पर काम कर रही है। कंपनी Oral Care Health Movement और Bright Smile Bright Future जैसे अभियानों के साथ सरकारी संस्थानों और स्कूलों के साथ भी साझेदारी कर रही है। इसके अलावा कंपनी ऑनलाइन और ऑफलाइन स्तर पर कई मार्केटिंग अभियान चला रही है।
कंपनी अपने मुख्य प्रोडक्ट्स को मजबूत करने पर भी ध्यान दे रही है। इसके लिए नए प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी, बेहतर पैकेजिंग, ग्राहकों तक बेहतर कम्युनिकेशन और प्रोडक्ट की उपलब्धता बढ़ाने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं।
Also Read | इंफ्रा-मैन्युफैक्चरिंग की मांग से बनी रह सकती है मेटल शेयरों की चमक, इन 2 स्टॉक्स पर BUY की राय
Jefferies के मुताबिक Colgate के लिए प्रीमियम प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ाना आगे भी ग्रोथ का अहम जरिया रहेगा। कंपनी इस रणनीति पर और ज्यादा जोर देने की तैयारी में है। इसके तहत Colgate Total, Colgate Visible White और Colgate Periogard जैसे ब्रांड्स पर खास फोकस किया जा रहा है।
ब्रोकरेज के अनुसार Colgate का प्रीमियम पोर्टफोलियो कंपनी के कुल पोर्टफोलियो की तुलना में करीब 6 गुना तेज रफ्तार से बढ़ रहा है। इसकी बिक्री में हिस्सेदारी भी CY21 के मुकाबले 2.5 गुना हो गई है। कंपनी का मानना है कि प्रीमियम प्रोडक्ट्स की मांग अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण बाजारों में भी इसका विस्तार हो रहा है।
कंपनी प्रीमियम सेगमेंट को बढ़ाने के लिए टूथपेस्ट पंप जैसे नए फॉर्मेट को भी बाजार में ला रही है।
Jefferies ने Colgate को लेकर चार प्रमुख बिंदुओं पर ध्यान दिया है:
Colgate-Palmolive India ने जून तिमाही में अच्छा प्रदर्शन किया। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 7 फीसदी बढ़कर ₹343.08 करोड़ हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹320.62 करोड़ था।
कंपनी की बिक्री भी 12 फीसदी बढ़कर ₹1,590.56 करोड़ रही। इस दौरान कुल खर्च 13.8 फीसदी बढ़कर ₹1,160.57 करोड़ हो गया। अन्य आय समेत कंपनी की कुल आय 12 फीसदी बढ़कर ₹1,626.10 करोड़ रही।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दिए गए शेयर और कंपनी के आउटलुक से जुड़े विचार संबंधित ब्रोकरेज/विश्लेषकों के हैं। इन्हें निवेश की सलाह न माना जाए। निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।