बाजार

कमोडिटी डेरिवेटिव में तेजी की उम्मीद, बर्नस्टीन ने BSE से ज्यादा MCX पर जताया भरोसा

बर्नस्टीन ने कमोडिटी डेरिवेटिव में तेजी की उम्मीद जताई है। ब्रोकरेज ने एमसीएक्स को बीएसई से बेहतर बताया और 3,830 रुपये का लक्ष्य देते हुए आउटपरफॉर्म रेटिंग दी

Published by
खुशबू तिवारी   
Last Updated- September 09, 2026 | 9:53 PM IST

बर्नस्टीन ने एक रिपोर्ट में भारत के दो बड़े सूचीबद्ध एक्सचेंजों पर कवरेज शुरू किया है और उसने बीएसई के मुकाबले एमसीएक्स को प्राथमिकता दी है। ब्रोकरेज का मानना ​​है कि इक्विटी डेरिवेटिव में तेजी अब धीमी पड़ रही है जबकि कमोडिटी डेरिवेटिव अभी सहभागिता चक्र के शुरुआती दौर में हैं।

ब्रोकरेज ने एमसीएक्स को 3,830 रुपये की लक्षित कीमत के साथ आउटपरफॉर्म रेटिंग दी है। इसका मतलब है कि इसमें 15 फीसदी की बढ़त हो सकती है। उसने बीएसई को 2,820 रुपये के लक्ष्य के साथ अंडरपरफॉर्म रेटिंग दी है, यानी इसमें 18 फीसदी की गिरावट आ सकती है।

बर्नस्टीन को उम्मीद है कि इक्विटी ऑप्शन वॉल्यूम में कमी आएगी और वित्त वर्ष 27 में इसमें सालाना आधार पर सिर्फ 5 फीसदी की वृद्धि होगी जबकि पहली तिमाही में यह वृद्धि 31 फीसदी रही थी। ऐसा इसलिए कि कम उतार-चढ़ाव, प्रोप्राइटरी ट्रेडिंग डेस्क के लिए सख्त लिवरेज नियम और सीएएस का असर गतिविधियों पर पड़ रहा है।

ब्रोकरेज को उम्मीद है कि सीएएस से जुड़ी अस्थायी बाधा अक्टूबर तक कम हो जाएगी, लेकिन वित्त वर्ष 27 की दूसरी छमाही में सख्त लिवरेज नियमों की वजह से और दबाव देखने को मिल सकता है। उसे उम्मीद है कि बीएसई की वित्त वर्ष 27 तक बाजार हिस्सेदारी में बढ़त जारी रहेगी।

First Published : September 9, 2026 | 9:40 PM IST