बाजार

अदाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद हुए सभी नुकसान की भरपाई की, चेक करें सभी 9 कंपनियों की मार्केट वैल्यू

हिंडनबर्ग रिपोर्ट से हुए नुकसान के बाद अदाणी ग्रुप ने रिकवर किए 150 अरब डॉलर, शेयरों में तूफानी तेजी

Published by
बीएस वेब टीम   
Last Updated- May 28, 2026 | 1:54 PM IST

Adani Group Market Cap: अरबपति गौतम अदाणी के नेतृत्व वाले अदाणी ग्रुप ने हिंडनबर्ग रिसर्च की 2023 की रिपोर्ट के बाद हुए बाजार में नुकसान की पूरी भरपाई कर ली है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अदाणी ग्रुप की 9 लिस्टेड कंपनियों ने मिलकर करीब 150 अरब डॉलर की मार्केट वैल्यू दोबारा हासिल कर ली है। इससे साफ है कि निवेशकों का भरोसा एक बार फिर ग्रुप पर मजबूत हुआ है।

सभी Adani Group Shares में जोरदार तेजी

27 मई के कारोबारी सत्र में अदाणी ग्रुप की सभी 9 लिस्टेड कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे। सबसे ज्यादा तेजी अदाणी टोटल गैस में रही, जिसके शेयर करीब 13 प्रतिशत चढ़े। वहीं, अदाणी पावर ने भी अपनी तेजी जारी रखी। इस साल अब तक अदाणी पावर का शेयर करीब 70 प्रतिशत उछल चुका है और यह ग्रुप की सबसे मजबूत प्रदर्शन करने वाली कंपनी बन गई है। फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में भी बढ़त देखने को मिली। इसके साथ ही अदाणी ग्रुप की कुल बाजार वैल्यू 19 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई।

हिंडनबर्ग रिपोर्ट से लगा था बड़ा झटका

जनवरी 2023 में अमेरिका की शॉर्ट सेलर कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अदाणी ग्रुप पर शेयरों में हेरफेर, अकाउंटिंग गड़बड़ी और विदेशी शेल कंपनियों के गलत इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इन आरोपों के बाद अदाणी ग्रुप के शेयरों में भारी बिकवाली हुई थी और कुछ ही हफ्तों में निवेशकों की 150 अरब डॉलर से ज्यादा की संपत्ति साफ हो गई थी। हालांकि, अदाणी ग्रुप ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए रिपोर्ट को भारत और उसकी संस्थाओं पर हमला बताया था।

निवेशकों का भरोसा फिर बढ़ा

ब्लूमबर्ग के अनुसार, पिछले करीब 3 सालों में अदाणी ग्रुप ने इन आरोपों के असर से बाहर निकलने और निवेशकों का भरोसा दोबारा जीतने पर काम किया। इस दौरान कई सकारात्मक घटनाओं ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। अमेरिका में अदाणी से जुड़े मामलों में न्याय विभाग की कुछ राहत भरी कार्रवाइयों के बाद बाजार का सेंटीमेंट सुधरा। इसके अलावा, कैपिटल ग्रुप जैसे बड़े विदेशी निवेशकों ने भी अदाणी कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। भारत में भी सितंबर 2025 में सेबी ने रिलेटेड पार्टी ट्रांजैक्शन और फंड डायवर्जन से जुड़े कुछ बड़े आरोपों को खारिज कर दिया था। हालांकि, कुछ जांच अभी भी जारी हैं।

अदाणी पावर बनी सबसे मूल्यवान कंपनी

Adani Group की कंपनियों में सबसे ज्यादा मार्केट वैल्यू अदाणी पावर लिमिटेड की है, जो करीब 4 लाख 79 हजार 706 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। इसके बाद अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन लिमिटेड की मार्केट वैल्यू लगभग 4 लाख 20 हजार 311 करोड़ रुपये और अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड की वैल्यू करीब 3 लाख 84 हजार 28 करोड़ रुपये है।

वहीं, अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड का मार्केट कैप करीब 2 लाख 45 हजार 421 करोड़ रुपये और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड का करीब 1 लाख 84 हजार 985 करोड़ रुपये है।

अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड की मार्केट वैल्यू लगभग 1 लाख 13 हजार 716 करोड़ रुपये है, जबकि अदाणी टोटल गैस लिमिटेड की वैल्यू करीब 88 हजार 875 करोड़ रुपये दर्ज की गई। इसके अलावा एसीसी लिमिटेड का मार्केट कैप करीब 26 हजार 810 करोड़ रुपये और एडब्ल्यूएल एग्री बिजनेस लिमिटेड का करीब 25 हजार 135 करोड़ रुपये है।

कंपनी का नाम मार्केट वैल्यू
अदाणी पावर लिमिटेड 4 लाख 79 हजार 706 करोड़ रुपये
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड 4 लाख 20 हजार 311 करोड़ रुपये
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड 3 लाख 84 हजार 28 करोड़ रुपये
अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड 2 लाख 45 हजार 421 करोड़ रुपये
अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड 1 लाख 84 हजार 985 करोड़ रुपये
अंबुजा सीमेंट्स लिमिटेड 1 लाख 13 हजार 716 करोड़ रुपये
अदाणी टोटल गैस लिमिटेड 88 हजार 875 करोड़ रुपये
एसीसी लिमिटेड 26 हजार 810 करोड़ रुपये
AWL एग्री बिजनेस लिमिटेड 25 हजार 135 करोड़ रुपये
First Published : May 28, 2026 | 1:43 PM IST