आईपीओ

Upcoming IPO: रेलवे के लिए उपकरण बनाने वाली कंपनी का IPO 30 जुलाई को खुलेगा, जानें डिटेल्स

कंपनी इस शुरुआती शेयर बिक्री के जरिए 290 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह पूरा IPO नए शेयरों पर आधारित होगा

Published by
ऋषभ राज   
Last Updated- July 26, 2026 | 10:19 AM IST

रेलगाड़ी और उसके इंजन के लिए इलेक्ट्रिकल और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण बनाने वाली हरियाणा की कंपनी MV इलेक्ट्रोसिस्टम्स (MV Electrosystems) अपना IPO लेकर आ रही है। कंपनी का यह IPO 30 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा, जिसमें निवेशक 3 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे।

कंपनी इस शुरुआती शेयर बिक्री के जरिए 290 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। यह पूरा IPO नए शेयरों पर आधारित होगा। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके लिए प्राइस बैंड का खुलासा नहीं किया है। आम निवेशकों के लिए IPO खुलने से ठीक एक दिन पहले, यानी 29 जुलाई को एंकर निवेशकों के लिए बोली लगाने का मौका रहेगा।

शेयरों के बंटवारे को 4 अगस्त तक अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जबकि कंपनी के इक्विटी शेयर 6 अगस्त को स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हो सकते हैं। MV इलेक्ट्रोसिस्टम्स ने नवंबर 2025 में SEBI के पास IPO के लिए डॉक्यूमेंट फाइल किए थे, जिसे अप्रैल 2026 में मंजूरी मिली थी। इस IPO को मैनेज सुंडे कैपिटल एडवाइजर्स कर रही है।

Also Read: Upcoming IPO: देश का सबसे बड़ा हेल्थकेयर IPO ला रही मणिपाल हेल्थ, 29 जुलाई से खुलेगा इश्यू

IPO से मिलने वाले पैसों का क्या करेगी कंपनी?

MV इलेक्ट्रोसिस्टम्स रेलवे के लिए खास तरह के उपकरण बनाती है। कंपनी इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए IGBT आधारित 3-फेज ड्राइव प्रोपल्शन सिस्टम, रेलवे कोच और EMU के लिए स्विचगियर पैनल, और केबल की सुरक्षा से जुड़े प्रोडक्ट तैयार करती है।

कंपनी IPO से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल अपनी लंबी अवधि की वर्किंग कैपिटल की जरूरतें पूरी करने, नए पावर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की रिसर्च और डेवलपमेंट (R&D) पर निवेश करने और अन्य सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों को पूरा करने में करेगी।

अगर कंपनी की आर्थिक हालात पर बात करें, तो मार्च 2026 में खत्म हुए वित्त वर्ष में कंपनी को 12.6 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं, इससे एक साल पहले कंपनी ने 1.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। इसी दौरान कंपनी का राजस्व भी 21% घटकर 62.6 करोड़ रुपये से 49.4 करोड़ रुपये रह गया।

First Published : July 26, 2026 | 10:14 AM IST