चुनाव

राहुल को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा: शर्मा

राहुल ने कहा कि भाजपा शासित असम सरकार ‘चाहे जितने मामले दर्ज कर ले’ लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- January 24, 2024 | 11:15 PM IST

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा जिनके खिलाफ हिंसा भड़काने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

असम पुलिस ने कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान मंगलवार को हिंसा भड़काने के आरोप में राहुल गांधी और पार्टी के अन्य कई नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की थी।

राहुल ने कहा कि भाजपा शासित असम सरकार ‘चाहे जितने मामले दर्ज कर ले’ लेकिन वह डरने वाले नहीं हैं। शर्मा ने शिवसागर जिले के नजीरा में कहा, ‘हमने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एक विशेष जांच दल तफ्तीश करेगा और उन्हें (राहुल को) लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।’

लोकसभा चुनाव कुछ ही महीने में होने हैं। कांग्रेस नेताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई, जो आपराधिक साजिश, गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, हमला या लोक सेवकों को उनके कर्तव्य का निर्वहन करने से रोकने के लिए आपराधिक बल, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और अन्य से संबंधित है।

असम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) जी पी सिंह ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) द्वारा गठित एसआईटी के माध्यम से गहन जांच के लिए मामला असम सीआईडी को स्थानांतरित कर दिया गया है।

शर्मा ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को मंगलवार को गुवाहाटी शहर में प्रवेश के प्रयास में अवरोधक तोड़ने के लिए भीड़ को उकसाने को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज करने का निर्देश दिया था।

First Published : January 24, 2024 | 11:15 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)