अर्थव्यवस्था

दो हजार के 76 फीसदी नोट बैंकों में वापस आए: RBI

इनमें से ज्यादातर नोट लोगों ने अपने बैंक खाते में जमा कराए हैं।

Published by
भाषा   
Last Updated- July 03, 2023 | 4:22 PM IST

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सोमवार को कहा कि चलन में मौजूद 2,000 रुपये के नोट वापस लेने के निर्णय के बाद से 76 फीसदी नोट यानी 2.72 लाख करोड़ रुपये के नोट बैंकों में वापस आ गए हैं। इनमें से ज्यादातर नोट लोगों ने अपने बैंक खाते में जमा कराए हैं।

केंद्रीय बैंक ने 19 मई, 2023 को अचानक से 2,000 रुपये के नोट को वापस लेने का निर्णय किया था। लोगों से बैंक जाकर 30 सितंबर तक 2,000 रुपये के नोट अपने खातों में जमा करने या दूसरे मूल्य के नोट से बदलने को कहा गया है।

रिजर्व बैंक के अनुसार, मूल्य के हिसाब से मार्च, 2023 में कुल 3.62 लाख करोड़ रुपये के नोट 2,000 रुपये के थे। यह 19 मई, 2023 को कारोबारी समय खत्म होने के बाद घटकर 3.56 लाख करोड़ रुपये रह गया था।

रिजर्व बैंक ने बयान में कहा, ‘बैंकों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 19 मई को 2,000 रुपये के नोट चलन से हटाने के निर्णय के बाद से 30 जून, 2023 तक 76 फीसदी यानी 2.72 लाख करोड़ रुपये के नोट वापस आ गए हैं।’

बयान के अनुसार, ‘इसके परिणामस्वरूप 30 जून को कारोबारी समय समाप्त होने के बाद चलन में 84 हजार करोड़ रुपये के 2,000 के नोट रह गए थे।’ विभिन्न बैंकों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 2,000 रुपये के जो नोट वापस आये हैं, उसमें से करीब 87 फीसदी लोगों ने अपने बैंक खातों में जमा किए हैं, जबकि 13 फीसदी अन्य मूल्य के नोट से बदले गए हैं।

First Published : July 3, 2023 | 4:22 PM IST (बिजनेस स्टैंडर्ड के स्टाफ ने इस रिपोर्ट की हेडलाइन और फोटो ही बदली है, बाकी खबर एक साझा समाचार स्रोत से बिना किसी बदलाव के प्रकाशित हुई है।)