कई महीनों से नैनो की बुकिंग कराने का इंतजार कर रहे लोग अब खुश हो सकते हैं। टाटा मोटर्स गुरुवार से दुनिया की सबसे सस्ती कार की बुकिंग शुरू कर रही है।
एक अनुमान के मुताबिक देश भर में नैनो की बुकिंग के लिए लगभग 10 लाख फॉर्म बिक चुके हैं। कंपनी ने देश भर के 1,000 शहरों में लगभग 30,000 केंद्रों पर फॉर्मों की बिक्री की थी। हालांकि पहले साल में टाटा सिर्फ 50,000 नैनो की आपूर्ति ही कर पाएगी।
नैनो कार की बुकिंग के लिए लोगों को लगभग 95,000 रुपये का डाउनपेमेंट करना होगा। यह रकम नैनो के बेसिक मॉडल की कीमत 1,12,735 रुपये का 84 फीसदी है। डाउनपेमेंट के तौर पर मोटी रकम जमा करने की शर्त भी ग्राहकों को नैनो की बुकिंग से दूर नहीं कर पा रही है।
फॉर्म वितरण करने वाले केंद्रों पर आवेदन फॉर्म खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। डीलर, बैंक और बाकी रिटेल आउटलेट्स पर काम कर रहे कर्मचारियों के लिए फॉर्म की मांग को पूरा करना मुश्किल हो रहा है।
देश भर में मौजूद कंपनी के 218 डीलरों में से प्रत्येक को 2,500 फॉर्म दिए गए थे। लेकिन नैनो को लेकर लोगों में इतना उत्साह है कि तीसरे दिन से ही डीलरों ने और फॉर्म की मांग करनी शुरू कर दी थी। मुंबई के एक डीलर ने बताया, ‘दूसरे दिन से ही लगभग सभी डीलरों के पास फॉर्म समाप्त होने लगे थे।’ आवेदन पत्रों की बिक्री 1 अप्रैल को ही शुरू हो गई थी।
दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में लखटकिया कार की कीमत 1 लाख रुपये से काफी अधिक रहने की आशंका है। मुंबई में जहां नैनो का बेसिक मॉडल खरीदने के लिए ग्राहकों को अपनी जेब से 1,34,250 रुपये हल्के करने पड़ेंगे, वहीं दिल्ली के लिए यह रकम 1,23,360 रुपये होगी। इसमें पंजीकरण, इंश्योरेंस और सर्विस की कीमत शामिल नहीं है।
बुकिंग बंद होने के 60 दिनों के भीतर ही कंपनी पहले चरण में दी जाने वाली 1 लाख कारों के आवंटन की घोषणा करेगी। इसके लिए कंपनी कंप्यूटर लॉटरी का सहारा लेगी। कंपनी ने नैनो की पहली खेप की कीमतों में कोई इजाफा नहीं करने का वादा किया है। लेकिन कार की बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को उनकी जमा रकम पर कोई ब्याज नहीं मिलेगा। कार की आपूर्ति जुलाई से होगी।
कोलकाता में लेक्सस मोटर्स के मालिक विनोद अग्रवाल ने बताया, ‘नैनो को लेकर लोग काफी उत्साहित हैं। हमारे पास सभी वर्ग के लोग पूछताछ के लिए आ रहे हैं। इनमें मोटी कमाई वाले, छोटे कारोबारी और पहली बार कार खरीदने वाले लोग भी शामिल हैं।’
नैनो की बुकिंग करने वाले भारतीय स्टेट बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कई शाखाओं ने कंपनी से अधिक फॉर्म की मांग की है। उन्होंने कहा, ‘इस लखटकिया कार को उम्मीद से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।’ इसमें भी कस्बे सबसे आगे हैं। साथ ही बड़े शहरों में भी नैनो की मांग अच्छी खासी हैं। बैंक ग्रामीण इलाकों में फॉर्म बेच रहा है।
टॉप गियर में नैनो
नैनो के लिए टाटा मोटर्स के 218 डीलरों में से हरेक को मिले 2,500 बुकिंग फॉर्म
लेकिन तीसरे दिन ही खत्म हो गए सारे फॉर्म
फॉर्म की बिक्री शुरू होने के बाद पहले हफ्ते में ही बिके 10 लाख फॉर्म
फॉर्म की बिक्री के लिए 1,000 शहरों में 30,000आउटलेट
बेस मॉडल का दाम
दिल्ली में 1.23 लाख रुपये
मुंबई में 1.34 लाख रुपये