टेक फर्म, स्टार्टअप का टीका पर जोर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 5:27 AM IST

देश में 1 मई से कोविड-19 टीकाकरण के अगले चरण की तैयारी चल रही है। ऐसे में भारतीय प्रौद्योगिकी फर्म और स्टार्टअप अपने कर्मचारियों को टीका लगवाने अथवा मामूली रकम के साथ टीकाकरण में मदद करने के लिए तैयार हैं। उदाहरण के लिए, इन्फोसिस ने बेंगलूरु में मणिपाल हॉस्पिटल्स और पुणे में रूबी हॉल अस्पताल के साथ मिलकर एम्प्लॉयी कोविड केयर सेंटर की स्थापना की है। ये केंद्र कंपनी के कर्मचारियों और उनके परिवार के उन सदस्यों की मदद कर रहे हैं जो कोविड से संक्रमित हो चुके हैं और जिन्हें होम क्वारंटीन के अलावा विशेष चिकित्सा देखभाल की जरूरत है। प्रौद्योगिकी सेवा कंपनी देश में अपने प्रमुख कार्यालयों में भी इसी तरह के केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया में है।
इन्फोसिस के प्रवक्ता ने कहा, ‘हमारी टीम हमारे कर्मचारियों को जल्द से जल्द टीका लगवाने के लिए हमारे चिकित्सा सहयोगियों के साथ काम कर रही है। हम इस अभियान में मदद के लिए स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं और टीका आपूर्तिकर्ताओं से भी बातचीत कर रहे हैं।’
कंपनी ने अपने कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के टीकाकरण के लिए देश के अपने कुछ परिसरों में टीकाकरण केंद्र भी स्थापित किए हैं। साथ ही कंपनी देश के 130 से अधिक अस्पतालों के साथ भी बातचीत कर रही है जहां उसके कर्मचारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ टीका लगवाने जा सकते हैं।
देश भर में कोविड जांच प्रयोगशालाओं के साथ करार करने के अलावा कंपनी प्रमुख शहरों में आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा प्रदाताओं के साथ भी साझेदारी की है। साथ ही कंपनी ने देश के 242 शहरों में 1,490 अस्पतालों में अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इन्फोसिस में कोविड संबंधी चिकित्सा उपचार को समूह कर्मचारी बीमा के तहत कवर किया गया है। कोविड संक्रमित होने वाले कर्मचारियों को 21 दिनों का अतिरिकत पेड लीव दिया गया है। इसके अलावा लगातार सुरक्षा जांच संबंधी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
एचसीएल टेक्नोलॉजिज अपनी स्वास्थ्य सेवा इकाई के जरिये आंतरिक तौर पर टीकाकरण अभियान चला रही है। एचसीएल टेक्नोलॉजिज के प्रवक्ता ने कहा, ‘कंपनी अपनी स्वास्थ्य सेवा इकाई एचसीएल हेल्थकेयर के जरिये टीकाकरण अभियान चला रही है। कंपनी दिल्ली, लखनऊ और चेन्नई जैसे शहरों में अपने कर्मचारियों के टीकाकरण के लिए मंजूरी हासिल करने की कोशिश पहले से ही कर रही है। हम अपने कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों को अन्य उपलब्ध किसी भी माध्यम से टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। हमने कहा है कि लागत की भरपाई एचसीएल करेगी।’
बेंगलूरु के स्टार्टअप नोब्रोकर बेंगलूरु, मुंबई, पुणे, हैदराबाद, चेन्नई और दिल्ली एनसीआर में विभिन्न सोसाइटी के भीतर टीकाकरण अभियान चला रही है। कंपनी अपने ऐप नोब्रोकरएचओओडी के जरिये यह अभियान चला रही है जो आगंतुकों, सोसाइटी और भुगतान के प्रबंधन में मदद करता है।
हेल्थकेयर प्लेटफॉर्म फार्मईजी भी कोविड-19 टीकाकरण अभियान चला रही है। इसने कैंप और टीका केंद्रों के जरिये 3 करोड़ लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। टीकाकरण के लिए लोगों के अलावा कंपनियों, आरडब्ल्यूए, वृद्धाश्रम आदि का पंजीकरण किया जा रहा है।

First Published : April 26, 2021 | 11:51 PM IST