यूरोप की सबसे बड़ी कपड़ा रिटेलर इंडिटेक्स की योजना देश में 25 स्टोर खोलने की है।
अधिकारियों के मुताबिक, एशियाई बाजार में विस्तार की अपनी योजना के तहत कंपनी अगले 3 साल में मुख्य ब्रांड ज़ारा के 25 स्टोर खोलेगी। उल्लेखनीय है कि इंडिटेक्स स्पेन की कंपनी है।
कंपनी के मुताबिक, भारतीय बाजार में उतरने के लिए कंपनी टाटा समूह के साथ तालमेल करेगी। इस दिशा में पहल करते हुए इंडिटेक्स बीते 5 फरवरी को टाटा समूह की ट्रेंट लिमिटेड के साथ करार भी कर चुकी है।
करार के मुताबिक, ज़ारा ब्रांड के कम लागत के स्टोर खोलने के लिए ट्रेंट के साथ एक संयुक्त उपक्रम विकसित किया जाएगा। इंडिटेक्स के पास जहां इस उपक्रम के 51 फीसदी शेयर होंगे, वहीं ट्रेंट के पास बाकी के 49 फीसदी शेयर होंगे। योजना है कि 2010 तक नई दिल्ली, मुंबई और देश के अन्य बड़े शहरों में ये स्टोर खोल दिए जाएंगे।