नॉर्वे की दिग्गज टेलीकॉम कंपनी टेलीनोर किसी कंपनी का मूल्यांकन घटाकर उसकी हिस्सेदारी खरीदने वाली पहली कंपनी बन गई है।
दरअसल, पिछले साल अक्टूबर में टेलीनोर ने यूनिटेक वायरलेस में हिस्सेदारी खरीदने के लिए करार किया था। उस समय टेलीनोर ने यूनिटेक वायरलेस का मूल्यांकन 11,620 करोड़ रुपये किया था। लेकिन अब कंपनी ने यूनिटेक का मूल्यांकन तय कीमत से 10 फीसदी घटाकर 10,520 करोड़ रुपये लगाई है।
इस नए करार के तहत टेलीनोर लगभग 6,120 करोड़ रुपये खर्च कर लगभग 67.25 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। जबकि पहले इतनी ही रकम चुकाकर टेलीनोर यूनिटेक की 60 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने वाली थी। नए रेट के हिसाब से कंपनी का इक्विटी मूल्यांकन 9,100 करोड़ रुपये है। जबकि अक्टूबर में कंपनी का इक्विटी मूल्यांकन 10,200 करोड़ रुपये किया गया था।
इक्विटी मूल्यांकन के अलावा टेलीनोर यूनिटेक वायरलेस का यूनिटेक लिमिटेड से लिया गया 1,420 करोड़ रुपये का ऋण भी अदा करेगी। सूत्रों ने बताया कि मौजूदा आर्थिक हालात को देखते हुए नकदी की समस्या से जूझ रही यूनिटेक लिमिटेड के पास अपना कर्ज चुकाने के लिए कम कीमत पर हिस्सेदारी बेचने के अलावा और कोई रास्ता ही नहीं था।
पहले यूनिटेक लिमिटेड के पास यूनिटेक वायरलेस की 40 फीसदी हिस्सेदारी थी लेकिन अब इसके पास वायरलेस की 32.75 फीसदी हिस्सेदारी ही रह जाएगी। शेयरधारकों की मांग पर ही टेलीनोर ने कंपनी का मूल्यांकन फिर से किया है।
इस मामले से जुड़े सूत्रों ने बताया, ‘मौजूदा आर्थिक हालात और शेयरधारकों के विरोध को देखते हुए टेलीनोर के पास यूनिटेक का फिर से मूल्यांकन करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था। यूनिटेक लिमिटेड के पास नकदी की किल्लत होने के कारण कंपनी के पास नया खरीदार ढूंढकर उसके साथ सौदा करने का वक्त नहीं था। वैसे भी इस समय सभी कंपनियां इस तरह का सौदों से किनारा ही कर रही हैं।’
टेलीनोर यूनिटेक वायरलेस के शेयरों की खरीद चार चरणों में करेगी। पहले चरण में टेलीनोर 3,050 करोड़ रुपये खर्च कर 33.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगी। टेलीनोर जल्द ही पहले चरण का निवेश करेगी।
पहले चरण के निवेश के बाद यूनिटेक वायरलेस यूनिटेक लिमिटेड से लिया हुआ 1,250 करोड़ रुपये का ऋण चुकाएगी। यूनिटेक लिमिटेड को अपनी हिस्सेदारी बेचने की इजाजत नहीं मिली थी, इसीलिए यूनिटेक वायरलेस टेलीनोर को नए शेयर देगी।