टाटा मोटर्स की नैनो ने अभी बाजार में कदम भी नहीं रखा है, लेकिन दूसरी वाहन कंपनियों की नींद उड़ रही है। ‘सबसे सस्ती कार’ नैनो मंदी के दौर में बाजार का गणित उलट सकती है। कार ही नहीं बाइक कंपनियों की बिक्री के आंकड़े भी नैनो बिगाड़ सकती है।
जानकार मानते हैं कि मारुति सुजूकी की कार मारुति 800, ऑटोमैटिक स्कूटर्स, महंगी प्रीमियम बाइक और पुरानी कारों का बाजार नैनो से काफी हद तक प्रभावित हो सकता है। लेकिन तमाम कंपनियां इसे खुलेआम अपने लिए खतरा नहीं बतातीं, बल्कि गेंद दूसरे पाले में डाल रही हैं।
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजूकी इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष आर सी भार्गव कहते हैं, ‘नैनो की कीमत ऑटो रिक्शा से भी कम है, माइलेज उसके बराबर है और इसमें आधुनिक तकनीक भी है। इसलिए मुझे लगता है कि नैनो के आने से ऑटो रिक्शा के बाजार पर काफी फर्क पड़ सकता है।’
भार्गव मारुति 800 के लिए नैनो को कोई खतरा नहीं मानते। उनके मुताबिक महंगी बाइक खरीदने वाले ग्राहक जरूर नैनो की ओर मुखातिब हो सकते हैं। लेकिन नैनो का असली असर बाजार में इसकी पैठ बढ़ने पर ही पता चलेगा।
देश में दुपहिया वाहनों की होने वाली कुल बिक्री में से 11 फीसदी का हिस्सा स्कूटरों का ही है। हर महीने 95,000 स्कूटर बिकते हैं। नैनो से यह बाजार प्रभावित हो सकता है।
कुछ कंपनियां यह मान भी रही हैं। बजाज ऑटो के मुख्य कार्य अधिकारी (दोपहिया) एस श्रीधर कहते हैं, ‘ज्यादातर लोग पत्नी और बेटी के रोजमर्रा के सफर के लिए स्कूटर खरीद कर देते हैं। ये ग्राहक नैनो का रुख कर सकते हैं, जो ज्यादा सुरक्षित विकल्प होगा।’
हुंडई मोटर्स इंडिया लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरविंद सक्सेना का भी यही मानना है कि नैनो दोपहिया बाजार को बहुत प्रभावित करेगी। वह यह नहीं मानते कि छोटी कारों को नैनो से कोई फर्क पड़ेगा।
लेकिन एक दिग्गज दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी कहते हैं, ‘100 सीसी की बाइक की कीमत 30,000 रुपये से शुरू हो रही है, जो नैनो की कीमत से एक तिहाई से भी ज्यादा कम है। बाइक का रखरखाव भी सस्ता होता है। इसलिए मुझे नहीं लगता कि बाइक के बजाय नैनो खरीदी जाएगी।’
चर्चा यह भी है कि नैनो प्रीमियम बाइक का बाजार बिठा देगी। लेकिन श्रीधर कहते हैं, ‘लोग रुतबे के लिए महंगी बाइक खरीदते हैं, मुझे नहीं लगता कि इसकी जगह वे सस्ती कार खरीदेंगे।’
बहरहाल एक तबका है, जिसे नैनो से जबरदस्त खतरा है, वह हैं पुरानी कारों के कारोबारी। मुंबई में पुरानी कारों के बड़े डीलर फ जलभाई मोटर्स के निदेशक आरिफ फ जलभाई कहते हैं, ‘पुरानी कारों के दाम 15 से 20 फीसदी गिर गए हैं। नैनो की बुकिंग शुरू होने पर इनमें 10 फीसदी कमी और हो सकती है।’
नैनो से जुड़ी कुछ खास और दिलचस्प बातें
ठ्ठनैनो के तीन मॉडल पेश किए जाएंगे, जिनमें पहला नैनो बेस मॉडल होगा। उसके अलावा सीएक्स (मझोला मॉडल) और एलएक्स (प्रीमियम मॉडल) भी बाजार में उतरेगा।
बेस मॉडल की पुणे में कारखाने से निकलकर कीमत 1 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होगी।
बुकिंग के लिए फॉर्म भारतीय स्टेट बैंक, वेस्टसाइड, क्रोमा स्टोर और कंपनी के लगभग 400 डीलरों के पास 14 दिन के लिए उपलब्ध रहेंगे।
नैनो के प्रचार के लिए टाटा मोटर्स सामग्री पेश कर रही है। इस योजना के तहत नैनो फोन और घड़ियां भी तमाम आउलेट पर बेची जाएंगी।
नैनो के बीएस 2 और बीएस 3 संस्करण होंगे। शुरुआत में केवल पेट्रोल इंजन होगा। 624 सीसी के दो सिलिंडर वाले पेट्रोल इंजन में बैलेंसर शैफ्ट भी होगा, ताकि गाड़ी में कंपन न हो। इंजन में कुल चार वाल्व होंगे।
कार 8 सेकंड में 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार हासिल करेगी और उसकी अधिकतम रफ्तार 105 किमी प्रति घंटा होगी। नैनो का कुल वजन 600 किलोग्राम होगा।
नैनो में केवल 1 अतिरिक्त टायर होगा और उसे अगले पहिए में ही लगाया जा सकेगा क्योंकि पिछले टायर का नाप अलग होगा। यह बात अलग है कि पंचर होने पर भी कार को धीमी गति में चलाया जा सकेगा।
नैनो में चार गियर और एक रिवर्स गियर होगा। ईंधन टैंक की क्षमता 15 लीटर होगी। 20 किलोमीटर प्रति लीटर के माइलेज के साथ पूरा टैंक भरने पर कार 300 किलोमीटर के आसपास दूरी तय कर लेगी।
बेस मॉडल में केवल चालक की सीट को ही आगे-पीछे किया जा सकेगा।
सीएक्स मॉडल में एयर कंडीशनर और हीटर होगा। नैनो के एलएक्स मॉडल में पावर विंडो, सेंट्रल लॉकिंग और फॉग लैंप्स की सुविधाएं होंगी।
नैनो पर 18 महीने या 24,000 किलोमीटर की वारंटी कंपनी देगी।