सत्यम के निदेशक मंडल ने इच्छुक खरीददारों पर चर्चा की

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 7:51 PM IST

सत्यम कंप्यूटर के लिए बोली लगाने की इच्छुक कंपनियों के रूचि पत्रों पर चर्चा करने के लिए कंपनी के निदेशक मंडल की आज यहां बैठक हुई। 
इस कंप्यूटर कंपनी को खरीदने के लिए ईओआई पेश करने वालों में कंपनी की अकेली सबसे बड़ी शेयरधारक लार्सन एंड टूब्रो, साफ्टवेयर कंपनी टैक महिंद्रा एवं बीके मोदी की स्पाइस कार्पोरेशन भी शामिल हैं।
सत्यम के अधिकारी ने कहा कि निदेशक मंडल की बैठक यहां सुबह 9.30 बजे शुरू हुई। देश में अब तक के सबसे बड़े लेखा घोटाले से उबरने की कोशिश कर रही कंपनी में 51 फीसदी हिस्सेदारी के लिए इच्छुक बोलीदाताओं की पंजीयन प्रक्रिया का कल आखिरी दिन था।
रूचि पत्रों के आधार पर आगे की बोली प्रक्रिया के लिए चुनी गई कंपनियों को सत्यम से संबंधित कानूनी और वित्तीय स्थिति की जानकारियां मुहैया कराई जाएंगी। गौरतलब है कि कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने के लिए बोली लगाने एवं इसके लिए पर्याप्त धन होने का प्रमाण देने की अंतिम तिथि 20 मार्च है।
सत्यम के सरकार द्वारा नियुक्त निदेशक मंडल ने बोली लगाने वाले के पास न्यूनतम 1500 करोड़ रूपए की नकदी होने की शर्त लगा रखी है।

First Published : March 13, 2009 | 3:21 PM IST