एयरसेल दिल्ली में जीएसएम सेवा शुरू करने वाली सातवीं कंपनी बन गई है। कंपनी 99 रुपये के शुल्क पर लाइफटाइम वैलिडिटी के साथ जीएसएम सेवा की शुरुआत की गई है।
यही नहीं, पहली एक मिनट की कॉल के लिए 1 रुपये और दूसरे मिनट के लिए 60 पैसे, उसके बाद 40 पैसे प्रति मिनट की दर पर शुल्क वसूला जाएगा। पेश है इशिता रसेल की एयरसेल के मुख्य परिचालन अधिकारी गुरदीप सिंह से बातचीत के अंश :
माना जाता है कि दिल्ली का जीएसएम बाजार पूरी तरह संतृप्त हो चुका है। वहीं दूरसंचार क्षेत्र के दिग्गज भी यहां मौजूद हैं। ऐसे में आपने दिल्ली में सेवा की शुरुआत करने की योजना कैसे बनाई?
जहां तक बाजार के संतृप्त होने की बात है, तो यह सिम कार्ड की बिक्री पर आधारित आंकड़ा है, जबकि किसी खास ऑपरेटर से लंबे समय से जुड़े ग्राहकों की संख्या 65-70 फीसदी ही है। ऐसे में इस क्षेत्र में अभी भी विकास की संभावना मौजूद है। इसके साथ ही अगर आप कुछ अलग योजना लेकर आते हैं, तो ग्राहक उस ओर जरूर आकर्षित होते हैं। हम नए ग्राहकों और इन्क्रीमेंटल यूजर को अपने साथ जोड़ने की योजना बना रहे हैं।
उपभोक्ता हमेशा सस्ते शुल्क वाले ऑपरेटर का रुख करते हैं। बाजार में जो भी कंपनियां मौजूद हैं, उनके बीच कीमतों को लेकर जबरदस्त प्रतिस्पर्धा है। इस स्थिति से आप कैसे निपटेंगे?
मुझे लगता है कि ग्राहक टैरिफ में बदलाव चाहते हैं। वैसे हमने जहां भी काम शुरू किया इस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। ऐसे में कंपनी को इन चुनौतियों से निपटने की आदत सी पड़ गई है और इसके लिए हमारे पास रणनीति भी है। युवाओं को आकर्षित करने के लिए कम्युनिटी कॉलिंग, डाउनलोडिंग, डाटा ट्रांसफर आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
लेकिन मौजूदा ऑपरेटर भी युवाओं को ध्यान में रखकर नए-नए प्लान लेकर आ रहे हैं, इससे आप कैसे निपटेंगे?
कंपनी इसके लिए ऐसी योजना लेकर आएगी कि युवा खुद इसकी ओर आकर्षित होंगे। कंपनी छात्रों, छोटे औद्योगिक केंद्रों और प्रवासियों के बीच अपनी पैठ बनाने की कोशिश करेगी।
देशभर में सेवा प्रदान करने के लिए आपकी क्या योजना है?
कंपनी अप्रैल के मध्य तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के साथ महाराष्ट्र सर्किलों में सेवा की शुरुआत करेगी। कंपनी के पास अभी 1.7 करोड़ ग्राहक हैं, जिसकी संख्या इस साल के अंत तक बढ़ाकर 3 करोड़ करने की योजना है। इसके लिए कंपनी 2009 के अंत तक 18 सर्किलों में जीएसएम सेवा लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।