दुनिया भर में छाई आर्थिक मंदी का असर अक्टूबर -नवंबर अंतरराष्ट्रीय कार कंपनी डैमलर एजी की भारतीय इकाई मर्सिडीज-बेन्ज इंडिया (एमबीआई) के कारोबार पर भी दिखा।
एमबीआई के कारोबारी प्रमुख सुहास कडलास्कर ने कहा कि इस दौरान कंपनी की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई है। सुहास ने बताया, ‘सितंबर तक एमबीआई की बिक्री में 47 फीसदी का इजाफा हो रहा था। सितंबर में हमने लगभग 3141 कारों की बिक्री की थी। जबकि अक्टूबर-नवंबर के दौरान हमने 2491 कारों की बिक्री की थी। इस दौरान पिछली बिक्री में पिछले साल की इसी समयावधि के मुकाबले 20 फीसदी की गिरावट आई है।’
उन्होंने बिक्री से संबंधित आंकड़े देने से इनकार कर दिया। हालांकि उन्होंने बताया कि एमबीआई ने इस साल अक्टूबर में करीब 170 कारों की ही बिक्री की है। शेयर बाजार के गिरने से ग्राहकों ने भी खरीदारी से परहेज किया। इसके अलावा बाजार में पूंजी की कमी भी इसके लिए जिम्मेदार रही।
सितंबर से पहले तक एमबीआई की बिक्री ठीक ठाक ही रही थी, बल्कि पिछले साल के मुकाबले अधिक ही हो रही थी। लेकिन बाजार में छाई मंदी से यह भी नहीं बच पाई और कंपनी की बिक्री पर इसका असर पड़ा। साल 2009 में कंपनी को हालात और भी खराब होने के आसार लग रहे हैं।
कडलास्कर ने बताया कि चालू वित्त वर्ष की आखिरी तिमाही और अगले वित्त वर्ष की पहली तिमाही कंपनी के कारोबार के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण रहेंगी। उन्होंने बताया कि एमबीआई की कमाई में पूर्वी भारत के राज्यों की हिस्सेदारी करीब 10 फीसदी है। जबकि दिल्ली समेत उत्तरी राज्यों की हिस्सेदारी 40 फीसदी है। कंपनी ने भारत में बिक्री बढ़ाने के लिए टियर 2 और टियर 3 शहरों में भी शोरूम खोले हैं।