बैंक

Credit Card Market: नए कार्ड जारी करने में SBI Card रहा नंबर-1, मई में जोड़े रिकॉर्ड 1.81 लाख ग्राहक

आरबीआई के ताजा आंकड़ों के अनुसार, मई में एसबीआई कार्ड ने रिकॉर्ड 1.81 लाख नए क्रेडिट कार्ड जोड़कर देश में सबसे तेज बढ़त दर्ज की है

Published by
आतिरा वारियर   
Last Updated- June 27, 2026 | 10:30 AM IST

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़ों के अनुसार मई महीने में प्रमुख क्रेडिट कार्ड जारीकर्ताओं में एसबीआई कार्ड ने सबसे अधिक नए क्रेडिट कार्ड जोड़े, जिसमें 1,81,851 कार्डों का शुद्ध इजाफा हुआ। इसके साथ ही एसबीआई कार्ड के कुल कार्डों की संख्या बढ़कर लगभग 2.24 करोड़ हो गई है।

इस माह के दौरान कार्ड उद्योग ने करीब 10 लाख कार्ड जोड़े हैं, जिससे कुल क्रेडिट कार्डों की संख्या बढ़कर 12.04 करोड़ हो गई है।  अन्य प्रमुख जारीकर्ताओं में आईसीआईसीआई बैंक ने 1,68,344 कार्ड जोड़े और उसके कुल कार्डों की संख्या 1.94 करोड़ हो गई। एचडीएफसी बैंक ने 1,42,297 कार्ड जोड़े और उसके कार्डों की कुल संख्या 2.65 करोड़ हो गई, जबकि एक्सिस बैंक ने 52,328 कार्ड जोड़कर 1.61 करोड़ क्रेडिट कार्ड जारी करने का आंकड़ा पार किया।

मध्यम आकार के जारीकर्ताओं में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक ने 87,227 कार्ड जोड़े, जबकि फेडरल बैंक ने 1,06,861 कार्ड जोड़े, और उनकी मजबूत वृद्धि जारी रही।

 क्रेडिट कार्ड से किए जाने वाले खर्च में मासिक आधार पर 2.54 प्रतिशत और सालाना आधार पर 2.56 प्रतिशत की वृद्धि हुई। क्रेडिट कार्ड से कुल खर्च मई में 2.02 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि अप्रैल के स्तर से खर्च में सुधार हुआ, यह मार्च में दर्ज 2.19 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर से नीचे रहा। पॉइंट-ऑफ-सेल (पीओएस) पर क्रेडिट कार्ड से खर्च 76,095 करोड़ रुपये रहा, जबकि ई-कॉमर्स पर खर्च 1.26 लाख करोड़ रुपये रहा।

एक उद्योग विशेषज्ञ ने कहा, ‘शेष कैलेंडर वर्ष के लिए क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च में एक अंक में वृद्धि की संभावना है। महीने में शुद्ध 10 लाख के करीब कार्ड जोड़े जाने की उम्मीद है।’

प्रमुख जारीकर्ताओं में, एचडीएफसी बैंक के कार्ड खर्च में मासिक आधार पर 1.77 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 59,137.64 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। एसबीआई कार्ड ने 1.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की और उसके क्रेडिट कार्ड से खर्च 38,555.79 करोड़ रुपये हो गया। आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से खर्च में 0.98 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 32,817.77 करोड़ रुपये रहा। शीर्ष ऋणदाताओं में एक्सिस बैंक ने सबसे मजबूत वृद्धि दर्ज की।

First Published : June 27, 2026 | 10:30 AM IST