मारुति नहीं घटाएगी उत्पादन

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 09, 2022 | 9:40 AM IST

देश की पहले नंबर की कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने उत्पादन में कटौती की संभावना से इनकार किया है। कंपनी ने कहा है कि निकट भविष्य में उत्पादन कम करने की उसे कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही है।


इसी सप्ताह कंपनी के प्रबंध निदेशक शिंजो नाकानिशी के हवाले से उत्पादन घटाने के बारे में कुछ खबरें आई थीं। उन्होंने कहा था कि दुनिया भर में मांग में गिरावट के मद्देनजर कंपनी को उत्पादन में कटौती करनी पड़ सकती है।

लेकिन कंपनी के चेयरमैन आर सी भार्गव ने कटौती की आशंका से इनकार कर दिया। उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी के हरियाणा स्थिति दोनों संयंत्रों में अभी काम बंद चल रहा है।

लेकिन यह काम मांग में गिरावट की वजह से बंद नहीं हुआ है, बल्कि प्रत्येक वर्ष के अंत में संयंत्र को मरम्मत के लिए बंद किया जाता है। इस साल भी संयंत्र 24 दिसंबर को बंद किए गए थे और उनमें उत्पादन 5 जनवरी को शुरू होगा।

मारुति के दोनों संयंत्रों में रोजाना लगभग 2,500 कारों का उत्पादन होता है। वार्षिक बंदी के तहत 12 दिन उत्पादन बंद रहेगा।?इस तरह कंपनी के दिसंबर और जनवरी महीनों के कुल उत्पादन में 30,000 कारों की कटौती हो जाएगी।

भार्गव ने कहा, ‘मरम्मत के लिए संयंत्र बंद होने की वजह से हमारे पास मौजूद स्टॉक भी बिक जाएगा और डीलरों के पास बची कारें भी बिक जाएंगी। दिसंबर में हमारी बिक्री काफी बढ़ गई है और जनवरी में भी हमें यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। ऐसे में जनवरी में तो हमें उत्पादन बढ़ाना पड़ेगा, उसमें कटौती का सवाल पैदा नहीं होता।’

गौरतलब है कि मारुति क्षमता में इजाफा भी कर रही है। विस्तार का यह कार्यक्रम अगले साल मार्च तक पूरा हो जाएगा। भार्गव के मुताबिक क्षमता में विस्तार का काम पटरी पर है क्योंकि कंपनी को मांग बढ़ने की उम्मीद है।

First Published : December 26, 2008 | 11:20 PM IST