इन्फोसिस की फौज मंदी में भी करेगी मौज

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 11, 2022 | 12:46 AM IST

मौजूदा साल की आने वाली तिमाहियों में इन्फोसिस बड़ी संख्या में नए कार्मिकों को प्रशिक्षण देगी।
कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2010 में 16,000 नए लोगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो कंपनी की कुल भर्ती का 89 फीसदी होगा।
इन्फोसिस के प्रमुख कार्यकारी अधिकारी एस. गोपालकृष्णन ने बुधवार को कहा, ‘हमारे पास ट्रेनी की संख्या बढ़ेगी। इससे हमारे पास इतने संसाधन हो जाएंगे कि हम बाजार में अपनी बेहतर क्षमता दिखा पाएंगे।’
इन्फोसिस के बोर्ड सदस्य और मानव संसाधन, शिक्षा और शोध तथा प्रशासन विभाग के निदेशक टी. वी. मोहनदास पई ने कहा, ‘टे्रनी की प्रशिक्षण अवधि को चार महीने बढ़ा दिया गया है। पहले प्रशिक्षण अवधि सात महीने थी। इससे उन्हें अलग-अलग परियोजनाओं पर काम करने के लिए ज्यादा मौका मिलेगा।’
पई ने कहा, ‘हमारे पास अभी 8000 ट्रेनी है। इसकी संख्या बढ़ने से प्रशिक्षण सुविधा को बढ़ाने की जरूरत होगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि एक बार जब ये ट्रेनी प्रशिक्षण पूरा कर लें, तो उन्हें रोजगार मिल जाए। हम ज्यादातर फ्रेशरों को आईएस सिस्टम के साथ आंतरिक परियोजनाओं पर लगाएंगे। इससे टे्रनी को फायदा होगा।’
पई ने कहा कि 2010 में कंपनी के पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा रोजगार की संभावना नहीं है। 31 मार्च 2009 को समाप्त चौथी तिमाही में कंपनी से 5000 लोग जुड़े।  उन्होंने कहा कि जिन फ्रेशर को अभी प्रशिक्षण दिया जा रहा है, उनकी भर्ती इस बात पर निर्भर करती है कि उस समय कारोबार की स्थिति कैसी है।
कंपनी ने 2009-10 में 18000 लोगों की भर्ती की थी, जो पिछले साल की भर्ती संख्या 28,231 से काफी कम रही। जिन 18,000 लोगों की नियुक्ति की गई है, उनमें से 2000 लोग लैटरल हायरिंग पर होंगे। बाकी सारे नए कार्मिक हैं।

First Published : April 15, 2009 | 10:44 PM IST