आईटी सेवा कंपनी हैप्पिएस्ट माइंड्स टेक्नोलॉजीज को आरंभिक शेयर-बिक्री के लिए बाजार नियामक सेबी से मंजूरी मिल गई है। इस पेशकश में करीब 110 करोड़ रुपये के नए शेयरों और 3.56 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री का प्रस्ताव शामिल है।
सेबी के समक्ष पेश ताजा जानकारी में कहा गया है कि जून में बाजार नियामक के समक्ष मसौदा प्रस्ताव पेश करने वाली इस कंपनी ने 21 अगस्त को स्वीकृति हासिल की। कंपनी के प्रवर्तक अशोक सूता और सीएमडीबी-2 ऑफर-फॉर सेल (ओएफएस) विकल्प के जरिये शेयरों की पेशकश करेंगे।
सूता माइंडट्री लिमिटेड के भी संस्थापक चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं। इससे पहले वह विप्रो के वाइस-चेयरमैन थे।
आईटी कंपनी ने इस ताजा निर्गम से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल अपनी दीर्घावधि कार्यशील पूंजी जरूरत और सामान्य कॉरपोरेट जरूततें पूरी करने की योजना बनाई है। कंपनी को ओएफएस से कोई रकम प्राप्त नहीं होगी। बिक्री करने वाले शेयरधारक ओएफएस की रकम का अपना संबद्घ हिस्सा हासिल करने के हकदार होंगे। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज और नोमुरा फाइनैंशियल एडवाइजरी ऐंड सिक्यो. (इंडिया) को इस पेशकश के लिए प्रबंधक चुना गया है।
कल्याण ज्वैलर्स इंडिया ने आईपीओ के लिए आवेदन किया : केरल की कल्याण ज्वैलर्स इंडिया ने 1,750 करोड़ रुपये का आईपीओ लाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपना दस्तावेज सौंप दिया है। इस निर्गम में 1,000 करोड़ रुपये की ताजा कोष उगाही और प्रवर्तक टी एस कल्याणरमन तथा निजी इक्विटी फर्म वारबर्ग पिनकस द्वारा 750 करोड़ रुपये की सेकंडरी शेयर बिक्री शामिल है। यह आईपीओ घरेलू बाजार में किसी ज्वैलरी रिटेल ब्रांड द्वारा पेश सबसे बड़ी पेशकश होगी। बीएस