सेवाएं बहाल करने में जुटी गूगल

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 15, 2022 | 3:10 AM IST

तकनीकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी गूगल अपनी सेवाएं बहाल करने की मुहिम में जुट गई हैं। गुरुवार सुबह से ही कंपनी की विभिन्न सेवाएं इस्तेमाल करने में लोगों को दिक्कतें पेश आ रही थीं। भारत सहित मलेशिया, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसे कई देशों में हजारों लोगों को गूगल की सेवाओं का इस्तेमाल करने में कठिनाई पेश आने की खबर है। इन देशों में गूगल की जीमेल, गूगल ड्राइव, गूगल डॉक्स और गूगल स्लाइड्स जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करने में मशक्कत पेश आई। कुछ उपयोकर्ताओं को कंपनी की गूगल साइट्स, गूगल ग्रुप्स, गूगल चैट, गूगल कीप और गूगल वॉयस आदि सेवाओं के इस्तेमाल करने में भी दिक्कतें आईं।
सेवाओं में आई रुकावट पर गूगल की तरफ से आए बयान में कहा गया, ‘कुछ लोगों की जीमेल सेवाएं बहाल हो गई हैं और हमें उम्मीद है कि जल्द ही सभी सेवाएं बहाल हो जाएंगी। हालांकि सेवाएं बहाल करने में लगने वाले अनुमानित समय में बदलाव हो सकता है।’ कंपनी ने अन्य सेवाओं के बहाल होने के संबंध में भी बयान जारी किया है।
कंपनी ने अपने जी सूट स्टेटस डैशबोर्ड पर जारी बयान में असुविधा के लिए उपयोगकर्ताओं से माफी मांगी। कंपनी ने कहा, ‘जीमेल के इस्तेमाल में अब कठिनाई नहीं आनी चाहिए। हम अपनी तकनीक प्रणाली बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।’ कई लोग अपने जीमेल अकाउंट लॉग इन नहीं कर पा रहे थे, जबकि कुछ ने डॉक्यूमेंट अटैच करने में दिक्कत आने की शिकायत की।

First Published : August 20, 2020 | 11:14 PM IST