गोदरेज को परदेस से आस

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 10:34 PM IST

एफएमसीजी कारोबार बढ़ाने के लिए गोदरेज इंडस्ट्रीज लिमिटेड अब ब्राजील, रूस, चीन और इंडोनेशिया में हेयर केयर और घरेलू उत्पादों के कारोबार में उतरने जा रही है।
कंपनी ने इसके लिए 500 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है। सूत्रों के मुताबिक, गोदरेज की उन कंपनियों पर नजर है, जो डिटरजेंट, साफ-सफाई के उत्पाद और हेयर डाई बनाती हैं। हां, बाजार में उस कंपनी की साख अच्छी होनी चाहिए।
गोदरेज इसके अलावा उनके ब्रांडों और वितरण नेटवर्क का भी ख्याल रख रही है। इस मामले से जुड़े एक स्रोत ने बताया कि कंपनी अच्छे अवसर की तलाश में है। यदि उसे अच्छा अवसर मिला तो इसमें 500 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी। 2008 में कंपनी ने विलय और अधिग्रहण की एक टीम गठित की थी। इसका उद्देश्य एफएमसीजी खंड में कंपनी का लाभ बढ़ाना है।
गोदरेज समूह के अध्यक्ष आदि गोदरेज ने बिजनेस स्टैंडर्ड को बताया, ”हमलोग विलय और अधिग्रहण के जरिए विकास दर कायम रखने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि हम उन चीजों पर बात नहीं कर सकते, जो अभी पूरी नहीं हुई है।
अधिग्रहण कितना बड़ा होगा, यह कहना भी अभी संभव नहीं है।” उन्होंने कंपनी अपने संयुक्त उपक्रम गोदरेज सारा ली में सहयोगी सारा ली में 51 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने के बारे में पूछने पर कुछ भी बताने से मना कर दिया।

First Published : April 1, 2009 | 10:22 PM IST