केंद्र सरकार की प्रोत्साहन पैकेज की घोषणा से भले ही रियल एस्टेट क्षेत्र को कुछ राहत मिल सकती हो, लेकिन मौजूदा वित्तीय संकट ने नए खिलाड़ियों को रियल्टी क्षेत्र में प्रवेश से रोकने को मजबूर कर दिया है।
अहमदाबाद की गुजरात अंबुजा एक्सपोट्र्स लिमिटेड (जीएईएल) ने रियल एस्टेट क्षेत्र में छाई मंदी को भांप कर इस क्षेत्र में दस्तक देने की अपनी योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। इस कंपनी ने रियल्टी, होटल कारोबार, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किस्मत आजमाने की योजना बनाई थी।
जीएईएल ने अपनी विविधीकरण परियोजनाओं के लिए 650 करोड़ रुपये की पूंजी भी निर्धारित कर ली थी। सूत्रों ने बताया, ‘लेकिन अब कंपनी ने संपत्ति बाजार में गिरावट के कारण रियल्टी क्षेत्र में प्रवेश करने की अपनी योजना को टाल दिया है।
फिलहाल रियल्टी बाजार की तस्वीर अच्छी नहीं दिख रही है, इसी वजह से कंपनी अभी इस क्षेत्र में प्रवेश करने के पक्ष में नहीं है।’ अधिकारी ने रियल एस्टेट परियोजनाओं के बारे में कहा कि रियल्टी क्षेत्र में प्रवेश करने की योजनाएं बाजार के हालात पर निर्भर करेंगी।