स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रमुख कंपनी फोर्टिस हेल्थकेयर ने शेयर और वारंट जारी कर 1800 करोड़ रुपये जुटाए जाने का फैसला किया है।
इसके तहत 1000 रुपये इक्विटी शेयरों के राइट इश्यू के जरिये जुटाए जाएंगे। राइट इश्यू का अनुपात क्या होगा और शेयरों की कीमत क्या होगी इस बारे में कंपनी ने अभी कोई फैसला नहीं किया है। हालांकि इस इश्यू से जुड़े सभी मसलों को कंपनी अगले साल फरवरी तक आखिरी रूप दे देगी।
फोर्टिस हेल्थकेयर के मुख्य वित्तीय अधिकारी योगेश सरीन ने कहा, ‘ हालांकि यह मौजूदा बाजार कीमत से अधिक होगा। लेकिन वारंट इश्यू का ब्यौरा इसके जारी किए जाने के दौरान ही तय किया जाएगा।’ कंपनी के इस कदम से प्रमोटरों को अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।
सरीन ने बताया, ‘इसे अंतिम रूप देने में सामान्यत: 150-180 दिन लगते हैं। हमें उम्मीद है कि फरवरी तक राइट इश्यू के ब्यौरे को अंतिम रूप दे दिया जाएगा और यदि सब कुछ ठीक-ठाक रहा तो यह इश्यू जून तक बंद हो जाएगा।’
कंपनी ने बम्बई स्टॉक एक्सचेंज को बताया है कि राइट्स इश्यू से जुटाई गई रकम का इस्तेमाल प्रमुख तौर पर परियोजनाओं को फंडिंग उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा जिसमें गुड़गांव में मेडी-सिटी परियोजना शामिल है।
कंपनी ने कहा कि इसके अलावा राशि का इस्तेमाल प्रिफरेंस शेयरों के विमोचन, अल्पकालिक ऋणों के भुगतान और मौजूदा इकाइयों के विस्तार के लिए भी किया जाएगा।