ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज पर नियंत्रण को लेकर वाडिया समूह और ग्रुप दानोन एस ए के बीच तनातनी आखिरकार थम ही गई।
दो साल से चली आ रही इस तकरार को खत्म करते हुए दानोन ने अलग रास्ता पकड़ने का फैसला कर लिया। दोनों समूहों के बीच हुए फैसले के मुताबिक वाडिया समूह ब्रिटानिया में दानोन की 25.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीद लेगा।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को दी गई जानकारी के मुताबिक वाडिया समूह की सहायक कंपनी बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन और मॉरीशस की निवेश फर्म लैला लैंड्स 14 अप्रैल को यह 25.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेंगी। इसके साथ ही ब्रिटानिया में वाडिया समूह की हिस्सेदारी 25.5 फीसदी से बढ़कर 51 फीसदी हो जाएगी।
फिलहाल एसोसिएटेड बिस्कुट्स इंटरनेशनल होल्डिंग्स में वाडिया समूह और दानोन की बराबर-बराबर हिस्सेदारी है। इस मामले में आधिकारिक तौर पर दोनों ने कुछ नहीं कहा, लेकिन नाम नहीं छापने की शर्त पर वाडिया समूह के एक अधिकारी ने बताया कि दानोन को 750 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। ब्रिटानिया का मूल्यांकन 3,000 करोड़ रुपये किया गया है।
वाडिया समूह से जुड़े सूत्रों का कहना है कि इस कवायद में करीब 60 लाख शेयरों की खरीद की जाएगी और 1,200 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से यह रकम 750 करोड़ रुपये बैठती है। सूत्रों का यह भी कहना है इसके लिए समूह रकम का जुगाड़ देश के बाहर से करेगा।
दानोन ने कुछ वक्त पहले ही भारत से अपना बिस्कुट कारोबार समेटने के संकेत दे दिए थे। कंपनी दुग्ध उत्पादों पर ध्यान लगाकर ब्रांड मजबूत करना चाहती है। बहरहाल इस समझौते के बाद भी ब्रिटानिया के लोकप्रिय बिस्कुट ब्रांड टाइगर के ट्रेडमार्क इस्तेमाल करने का मामला अभी अटका हुआ है।
इस मामले में सिंगापुर की एक अदालत में बौद्धिक संपदा अधिकार से जुड़ा एक मामला भी लंबित है। दरअसल दानोन की दुनिया के दूसरे बाजारों में टाइगर ब्रांड को बेचने की मंशा है और वह नहीं चाहती कि इसके लिए उसे वाडिया समूह की मंजूरी की दरकार पड़े।
ब्रिटानिया के मुताबिक उसकी सहमति के बगैर ही दानोन ने दुनिया भर के 70 देशों में ब्रिटानिया ब्रांड का पंजीकरण अपने नाम से कराया है। लेकिन कंपनी के एक प्रवक्ता ने बिजनेस स्टैंडर्ड से बातचीत में कहा कि हिस्सेदारी बेचना और टाइगर ट्रेडमार्क का मसला दो अलग-अलग चीजें हैं और कंपनी इस पर टिप्पणी नहीं करेगी।
ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज का बहीखाता
वित्त वर्ष – 2007-08
शुद्ध बिक्री – 2584.11
कर पश्चात लाभ – 191.01
तिमाही – जून 08
शुद्ध बिक्री – 693.30
कर पश्चात लाभ – 40.30
तिमाही – सितंबर 08
शुद्ध बिक्री – 838.54
कर पश्चात लाभ – 53.50
तिमाही – दिसंबर 08
शुद्ध बिक्री – 818.28
कर पश्चात लाभ – 46.15
(*सभी आंकड़े करोड़ रुपये में)
ब्रिटानिया में दानोन की 25.5 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेगा वाडिया समूह
वाडिया समूह की हिस्सेदारी बढ़कर हो जाएगी 51 फीसदी
सूत्रों के मुताबिक 750 करोड़ रुपये में हुआ है यह सौदा
लेकिन टाइगर ट्रेडमार्क इस्तेमाल करने पर अब भी है असहमति
ब्रिटानिया के प्रवक्ता ने नहीं की टिप्पणी, कहा दोनों मामले अलग