इफको प्रमुख अवस्थी के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 4:37 AM IST

केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इफको के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्याधिकारी यूएस अवस्थी और कुछ अन्य निदेशकों के खिलाफ उर्वरक के आयात और सब्सिडी के दावे को लेकर अनियमितता के मामले में भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव लिमिटेड, जिसे इफको के नाम से जाना जाता है, कई राज्यों की सहकारी समिति है, जो उर्वरकों के उत्पादन और विपणन का काम करती है।
सीबीआई ने इंडियन पोटाश लिमिटेड के प्रबंध निदेशक परविंदर सिंह गहलोत और उनके पुत्रों व अन्य के खिलाफ भी इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है।
सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को दर्ज प्राथमिकी के बाद केंद्रीय एजेंसी ने अवस्थी और गहलोत से जुड़े दिल्ली, मुंबई और गुरुग्राम के 12 परिसरों में तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एजेंसी ने अवस्थी के परिसर से 8.80 लाख रुपये नकदी वरामद की। इसके अलावा 5.5 करोड़ रुपये का फिक्स्ड डिपॉजिट गहलोत और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पाया गया। सीबीआई ने विभिन्न परिसरों से 19 अचल संपदाओं के दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं।
अधिकारियों ने कहा कि यह मामला कथित रूप से सरकार से ज्यादा सब्सिडी के दावे से जुड़ा हुआ है, जिसमें आयात किए गए उर्वरक का दाम बढ़ाकर दिखाया गया और इसमें आपूर्तिकर्ता से कमीशन लिया गया। किसानों को खाद की आपूर्ति की गई, जिस पर सरकार सब्सिडी देती है, जिससे कीमतें  उचित बनी रहें।
इफको और इंडियन पोटाश बड़ी मात्रा में उर्वरकों का आयात करती हैं। साथ ही विभिन्न विदेशी आपूर्तिकर्ताओं से उर्वरक के लिए कच्चे माल की भी खरीद होती है। सरकार किसानों को सब्सिडी वाली दरों पर उर्वरकों की आपूर्ति करती है।
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि किसान इंटरनैशनल ट्रेडिंग एफजेडजई, दुबई (इफको की सहायक इकाई) व अन्य बिचौलियों के माध्यम से आयातित उर्वरकों और कच्चे माल पर ज्यादा सब्सिडी का दावा कर सरकार को धोखा दिया गया। आरोप लगाया गया है कि बढ़ी हुई कीमत अवस्थी और गहलोत को कमीशन के रूप में दी गई, जिसे विदेशी आपूर्तिकर्ताओं ने दिखावटी लेनदेन के माध्यम दिया।
एजेंसी ने अवस्थी के पुत्र और कैटलिस्ट बिजनेस एसोसिएट्स के प्रवर्तक अमोल और कैटलिस्ट बिजनेस सॉल्यूशंस के प्रमोटर अनुपम के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा सीबीआई ने गहलोत के पुत्र विवेक, दुबई की ज्योति ग्रुप आफ कंपनीज के पंकज जैन और चार्टर्ड एकाउंटेंट और मिडास मेटल इंटरनैशनल एलएलसी के प्रमोटर राजीव सक्सेना के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

First Published : May 19, 2021 | 11:27 PM IST