पैसों के लिए केयर्न एनर्जी ने गिरवी रखे शेयर

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 10, 2022 | 7:54 PM IST

केयर्न एनर्जी ने अपने 65.42 लाख शेयर गिरवी रख 11.6 करोड़ पाउंड जुटाए हैं।
कंपनी के मुताबिक, 1775 पेंस प्रति शेयर के हिसाब से गिरवी रखे गए शेयरों से कुल 11.61 करोड़ पाउंड का जुगाड़ किया गया है। इस वजह से कंपनी की शेयर पूंजी में 5 फीसदी की वृद्धि हो गई है।
केयर्न एनर्जी के सीईओ बिल गैमेल के मुताबिक, ”शेयरों की गिरवी के अतिरिक्त कर्ज, जमा नगदी और परिचालन से होने वाली आय ये सब निवेश के स्रोत हैं। इसका इस्तेमाल कंपनी की विस्तार परियोजनाओं पर किया जाएगा।”
उल्लेखनीय है कि केयर्न एनर्जी की भारतीय इकाई केयर्न इंडिया ने राजस्थान में 25 ऑयलफील्ड खोजे हैं। इनमें से तीन सबसे बड़े ऑयलफील्ड मंगला, भाग्यम और ऐश्वर्या में स्थित हैं। गैमेल ने बताया कि 2009 में इन आउटफील्डों से तेल का उत्पादन शुरू हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि कंपनी राजस्थान के इन आउटफील्डों से विश्वस्तरीय सेवाएं देने को तैयार है। गैमेल के मुताबिक, इसके साथ ही हम ग्रीनलैंड में 2010 तक तेल उत्पादन बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
दुनिया की मौजूदा आर्थिक दशा का उल्लेख करते हुए कंपनी ने बताया कि उसके लिए पूंजी बढ़ाना जरूरी है। कंपनी की गतिविधियों को मजबूत करने और वित्तीय लचीलापन के लिए ऐसा करना जरूरी है। 
डॉ. रेड्डीज की हिस्सेदारी भी गिरवी
फार्मास्युटिकल क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने कहा कि उसके प्रवर्तक ने 84,000 अतिरिक्त शेयर गिरवी रखा है। हालांकि कंपनी ने गिरवी रखे गए शेयरों के मूल्य का खुलासा नहीं किया है।
डॉ रेड्डीज ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज से कहा कि उसके प्रवर्तक डॉ. रेड्डीज होल्डिंग्स प्राइवेट ने कंपनी के 84,000 अतिरिक्त शेयर गिरवी रख दिए हैं। इसके साथ ही कंपनी के प्रवर्तक ने कुल 7.0 6 फीसदी शेयर गिरवी रखा है। इससे पहले उसके प्रवर्तक कंपनी ने 1.16 करोड़ शेयर गिरवी रखा था, जो रेड्डीज लैब के शेयरों का 6.92 फीसदी के बराबर था।
अरबिंदो के शेयर भी गिरवी
दवा कंपनी अरबिंदो फार्मा के एक प्रर्वतक पी. वी. रामप्रसाद रेड्डी ने कंपनी की 20.50 प्रतिशत हिस्सेदारी को गिरवी रख दी है।  कंपनी ने बंबई स्टॉक एक्सचेंज को बताया कि उसके प्रवर्तक ने 1.10 करोड़ शेयरों को गिरवी रखा है, जो 20.50 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।
एमवीएल के प्रवर्तक ने भी गिरवी रखे शेयर
रियल इस्टेट कंपनी एमवीएल ने कहा कि उसकी एक प्रवर्तक समूह कंपनी मीडिया होल्डिंग्स प्राइवेट लिमिटेड ने 4.69 फीसदी हिस्सेदारी गिरवी रखी है। कंपनी ने गिरवी मूल्य का खुलासा नहीं किया है। कंपनी ने  कहा कि मीडिया होल्डिंग्स प्राइवेट ने 1,35,140 शेयर गिरवी रखी है। 

First Published : March 12, 2009 | 11:05 PM IST