एस्सार समूह की बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (बीपीओ) इकाई एजिस मझोले शहरों में अपने कारोबार के विस्तार की योजना बना रही है।
कंपनी अपनी इस विस्तार योजना के तहत बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में केंद्र खोलेगी और इसके लिए 5,000 लोगों की नियुक्ति की जाएगी।
अपनी कारोबार विस्तार योजना के बारे में एजिस बीपीओ के मुख्य कार्यकारी अपरूप सेनगुप्ता ने बताया कि हम अपने केंद्र स्थापित करने के लिए किराए पर भवन लेने की बजाय इसे सीधे खरीदेंगे।
सेनगुप्ता ने कहा कि विनिर्माण में क रीब 560 करोड रुपये खर्च करेंगे जो हमारी लघु और दीर्घ अवधि की योजनाएं होंगी। हाल में कंपनी ने लखनऊ में अपना नया केंद्र खोला है जबकि पिछले दस महीनों में अमेरिका में अपने कारोबार केलिए कंपनी ने 2,000 कर्मियों की नियुक्ति की है।
भारत में अपने कारोबार के विस्तार के अलावा एजिस यूरोप और अफ्रीका में भी अपने केन्द्र खोलने पर विचार कर रही है। फिलहाल इसकी उपस्थिति अमेरिका, फीलीपीन्स, भारत और कोस्टा रिका में है। अमेरिका में कंपनी के नौ केन्द्र हैं जो वहां के ग्राहकों को अपनी सुविधा प्रदान कर रहे हैं।