अदाणी इंटरनैशनल कंटेनर ने जुटाई रकम

Published by
बीएस संवाददाता
Last Updated- December 12, 2022 | 10:21 AM IST

अदाणी इंटरनैशल कंटेनर टर्मिनल (एआईसीटीपीएल) ने वैश्विक निवेशकों को 3 फीसदी कूपन दर पर डॉलर बॉन्ड जारी करते हुए 30 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। यह पिछले पांच वर्षों में किसी भारतीय कंपनी की सबसे कम कूपन दर है। कंपनी के इस पहले बॉन्ड निर्गम में करीब 220 खातों के साथ प्रमुख निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। यही कारण है कि इसे करीब 10 गुना अभिदान मिला। कंपनी ने 10 साल की परिपक्वता अवधि वाले इस बॉन्ड की 3 फीसदी प्रतिफल के साथ पेशकश की है। कंपनी के दमदार शेयरधारकों- अदाणी पोट्र्स ऐंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (एसईजेड) और टर्मिनल इन्वेस्टमेंट लिमिटेड (टीआईएल)- और क्रेडिट गुणवत्ता के साथ एकीकृत कारोबारी ताकत को देखते हुए निवेशक आकर्षित हुए। सभी तीन अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसियों ने इसे निवेश श्रेणी की रेटिंग दी है।
 
कंपनी मुंद्रा में एक कंटेनर टर्मिनल का संचालन कर रही है जिसकी वार्षिक क्षमता 31 लाख टीईयू से अधिक है। घाट की लगातार करीब 1,460 मीटर की लंबाई और 17.5 मीटर गहरी गोदी के साथ यह टर्मिनल दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर वाहक के हैंडलिंग सुविधा से लैस है। कंपनी के बयान में कहा गया है कि यह निर्गम अदाणी समूह के उस सिद्धांत के अनुरूप है जिसके तहत परिसंपत्तियों के लिए पूंजी ढांचे को नए सिरे दुरुस्त करने और उन्हें परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए ऋण के साथ वित्त पोषण करने की योजना बनाई गई है। यह निर्गम टीआईएल की उस रणनीति के बिल्कुल अनुरूप है जिसके तहत उसने अपने कारोबार को विविध बनाने और दुनिया भर में अपनी टर्मिनल कंपनियों के लिए वित्त पोषण स्रोतों को अनुकूल बनाने की योजना बनाई है।
 
टीआईएल दुनिया का छठा सबसे बड़ा कंटेनर टर्मिनल ऑपरेटर है जो प्रति वर्ष लगभग 3.4 करोड़ का संचालन करता है। एपीएसईजेड के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक करण अदाणी ने कहा, ‘टीआईएल के साथ हमारा संबंध हमारे लिए काफी महत्त्वपूर्ण है। यह मुंद्रा को इस क्षेत्र में कंटेनर हब बनाने और एआईसीटीपीएल को हमारा प्रमुख टर्मिनल बनाने संबंधी हमारी रणनीति का प्रमुख हिस्सा है। इस निर्गम की सफलता निजी संयुक्त उद्यम स्तर पर कंपनी प्रशासन की सराहना एवं स्वीकृति को दर्शाती है। बंदरगाह क्षेत्र की किसी भी कंपनी का यह पहला निर्गम है जो आगे का मार्ग प्रशस्त करता है और अन्य संयुक्त उद्यम एवं सहायक कंपनियों के लिए एक बेंचमार्क स्थापित करता है।’
 
टीआईएल के सीईओ अमर कानन ने कहा, ‘अदाणी के साथ हमारा संबंध एक वाणिज्यिक साझेदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण है जो विश्वास, पारदर्शिता और सम्मान के प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित है।’ उन्होंने कहा, ‘एआईसीटीपीएल सभी महाद्वीपों के टर्मिनल के हमारे समग्र पोर्टफोलियो में एक महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है और वह मुंद्रा बंदरगाह पर स्थित है जो इसे उत्तर भारत में जाने वाले कार्गो के लिए पसंदीदा बंदरगाह बनाने में समर्थ बनाता है।’ कानन ने कहा, ‘एआईसीटीपीएल का परिचालन प्रदर्शन हमारे स्वामित्व वाले टर्मिनलों के पोर्टफोलियो में सबसे बढिय़ा है। भारत हमारे निवेश के लिए एक रणनीतिक जगह है। हमें आगे काफी अवसर दिख रहा है।’

First Published : December 28, 2020 | 8:52 PM IST