आज का अखबार

ऑनलाइन खुदरा कंपनी Coupang भारत में स्थापित करेगी तकनीकी केंद्र

कूपांग के फिलहाल अमेरिका, दक्षिण कोरिया और चीन में तकनीकी केंद्र हैं और कंपनी भारत में इसे खोलने वाली है।

Published by
नितिन कुमार   
Last Updated- August 11, 2023 | 10:52 PM IST

अमेरिका स्थित मुख्यालय वाली प्रमुख ऑनलाइन खुदरा कंपनी कूपांग (Coupang) भारत में अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित करने की तैयारी कर रही है। यह साल के अंत तक कई दर्जन कुशल पेशेवर कर्मचारियों को भर्ती करने की योजना बना रही है। बिजनेस स्टैंडर्ड को यह जानकारी मिली है।

कंपनी के इस विस्तार कार्यक्रम में विभिन्न डोमेन में सॉफ्टवेयर इंजीनियरों की भर्ती शामिल है। यह बात वैश्विक पहुंच बढ़ाने के लिए कूपांग की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। सूत्रों ने कहा कि भारतीय टीम कंपनी की वैश्विक प्रौद्योगिकी टीम की मदद करेगी। फिलहाल अमेरिका, दक्षिण कोरिया और चीन में कंपनी के प्रौद्योगिकी केंद्र हैं।

भर्ती अभियान पहले ही शुरू

कंपनी का भर्ती अभियान पहले ही शुरू हो चुका है। लिंक्डइन और आधिकारिक कंपनी वेबसाइट जैसे प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के जरिये आधिकारिक घोषणाएं प्रसारित की जा रही हैं।

विस्तार के शुरुआत चरण में स्टाफ सॉफ्टवेयर इंजीनियरों, वरिष्ठ स्टाफ सॉफ्टवेयर इंजीनियरों और इंजीनियरिंग निदेशकों की नियुक्ति शामिल होगी। विभिन्न भूमिकाओं के लिए अतिरिक्त भर्ती का अभियान बाद के वर्षों के वर्षों में किया जाएगा।

उद्योग के प्रतिष्ठित सूत्रों के अनुसार कंपनी भारत की सिलिकॉन वैली – बेंगलूरु में कार्यालय स्थान की भी तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक कूपांग को भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं मिला।

इस महत्वाकांक्षी गतिविधि के मूल में लगातार चार तिमाहियों के दौरान कूपांग का प्रभावशाली वित्तीय प्रदर्शन निहित है। पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान कंपनी ने पहली बार लाभ दर्ज करके महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी।

First Published : August 11, 2023 | 10:52 PM IST