विशेष

2 दिन 25 सत्र 40 नेता: बिज़नेस स्टैंडर्ड ‘मंथन’ मंगलवार से शुरू, ‘भविष्य के लिए तैयार भारत’ पर होगी चर्चा

मंथन 2026 का विषय है- ‘भविष्य के लिए तैयार भारत’, खासकर आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बदलते परिदृश्य के बीच

Published by
बीएस संवाददाता   
Last Updated- February 23, 2026 | 11:16 PM IST

बिज़नेस स्टैंडर्ड का तीसरा ‘मंथन’ कॉनक्लेव मंगलवार से शुरू हो रहा है। देश के शीर्ष सम्मेलन स्थलों में शुमार नई दिल्ली का भारत मंडपम अगले दो दिन तक ऊर्जा और मेधा के अनोखे संगम का साक्षी बनेगा। दो दिनों में करीब 25 सत्र होंगे, जिनमें 40 नेता फायरसाइड चैट और पैनल चर्चाओं में हिस्सा लेंगे।

मंथन 2026 का विषय है- ‘भविष्य के लिए तैयार भारत’, खासकर आर्टिफिशल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बदलते परिदृश्य के बीच।

कार्यक्रम के पहले दिन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान नीतिगत मुद्दों पर अपनी दृष्टि साझा करेंगे। दूसरे दिन बुधवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी अपने विचार रखेंगे।

वरिष्ठ मंत्रियों के अलावा कई चर्चित वक्ता भी मंच पर होंगे। मंगलवार को नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी ‘आधुनिक भारत की राह’ विषय पर बातचीत करेंगे। आईटीसी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संजीव पुरी एफएमसीजी क्षेत्र को भविष्य के लिए तैयार करने पर अपने विचार साझा करेंगे।

बाजार विशेषज्ञों और निवेशकों के लिए भी खास सत्र होगा। जेफरीज के ग्लोबल हेड ऑफ इक्विटी स्ट्रैटजी क्रिस्टोफर वुड और कोटक म्युचुअल फंड के प्रबंध निदेशक नीलेश शाह बाजार पर एआई के प्रभाव की चर्चा करेंगे।

एआई पर कई अन्य सत्र भी होंगे, जिनमें डेटा सेंटर पर पैनल चर्चा और भारत में एआई पर बातचीत शामिल है। समापन फायरसाइड चैट प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक शेखर कपूर के साथ होगा, जो एआई पर गहराई से चर्चा करेंगे।

पहले दिन के अन्य वक्ताओं में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर एस महेंद्र देव, डिक्सन टेक्नॉलजीज के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अतुल लाल और एथर एनर्जी के सह-संस्थापक एवं सीईओ तरुण मेहता शामिल होंगे।

दूसरे दिन की शुरुआत ब्यूरोक्रेट और जी20 शेरपा रह चुके अमिताभ कांत करेंगे। इसके बाद प्रतिस्पर्धा आयोग की अध्यक्ष रवनीत कौर ‘डेटा और प्रभुत्व’ विषय पर अपनी बात रखेंगी। फिर रीन्यू के संस्थापक, चेयरमैन और सीईओ सुमंत सिन्हा स्वच्छ ऊर्जा पर चर्चा करेंगे।

समापन दिवस पर कई पैनल चर्चाएं होंगी, जिनमें एक प्रमुख प्रश्न होगा कि क्या भारत दुनिया की ‘फूड फैक्ट्री’ बन सकता है? इस पर नीति आयोग के सदस्य रमेश चंद, प्रोफेसर अशोक गुलाटी और सीएसईपी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ फेलो लवीश भंडारी अपने विचार रखेंगे।

अन्य चर्चाएं सामाजिक अधोसंरचना, हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिक वाहन की ओर बदलाव तथा रक्षा व भू-राजनीति में रणनीतिक स्वायत्तता पर केंद्रित होंगी। भारत मंडपम के दो सभागारों में बैठे और ऑनलाइन मौजूद दर्शकों के लिए मंथन का यह तीसरा संस्करण भारत के भविष्य की दिशा को नए स्तर पर ले जाएगा।

First Published : February 23, 2026 | 10:54 PM IST